शिकायत मिली तो विद्यालय प्रधान माने जाएंगे दोषी

- स्थानांतरण प्रमाण पत्र निर्गत करने में वसूली की मिल रही शिकायत

- डीडीसी हुए सख्त, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हड़काया
- शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रधानों को पत्र लिखकर किया सावधान
संवाद सहयोगी, जमुई : मैट्रिक, आठवीं और पांचवी कक्षा में उत्तीर्ण छात्रों से स्थानांतरण प्रमाण पत्र निर्गत करने में नाजायज राशि की वसूली की शिकायत को लेकर उप विकास आयुक्त गंभीर हैं। इस बाबत डीडीसी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने सभी माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं प्रारंभिक विद्यालय प्रधानों को पत्र लिखकर ताकीद किया है। उन्होंने कहा है कि उप विकास आयुक्त को स्थानांतरण पत्र निर्गत करने में विद्यालय प्रधानों द्वारा अवैध राशि की वसूली किए जाने की शिकायत मिल रही है। इसको लेकर डीडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को खूब हड़काया है। इसके बाद ही शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में दिख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विभाग द्वारा स्थानांतरण प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए कोई राशि लेने का प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद विद्यालय प्रधान अवैध रूप से राशि की वसूली करते हैं। इसकी शिकायत उच्चाधिकारी के माध्यम से प्राप्त हो रही है, जो अत्यंत ही खेद का विषय है। सभी विद्यालय प्रधानों को विद्यालय में छात्रों से स्थानांतरण प्रमाण पत्र निर्गत करने में राशि की वसूली करने की शिकायत पर संबंधित विद्यालय प्रधान को दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। उप विकास आयुक्त की सख्ती के बाद नाजायज वसूली करने वाले विद्यालय प्रधानों के बीच हड़कंप मचा है।

अन्य समाचार