बाढ़ संरक्षणात्मक कार्यों को ससमय करें पूर्ण : डीएम

जागरण संवाददाता, खगड़िया : गोगरी नारायणपुर तटबंध पर चल रहे बाढ़ संरक्षणात्मक कार्यों का डीएम आलोक रंजन घोष ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की गहन जांच के साथ कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल- एक को कई निर्देश भी दिए। कहा, ससमय कार्य पूर्ण करें और गुणवत्ता का ख्याल रखें। डीएम ने खाराधार स्लूइस गेट का भी गहन निरीक्षण किया। मालूम हो कि यहां गंगा के जलस्तर की मापी होती है। उन्होंने जलस्तर के संबंध में जलस्तर लेखन को पुन: कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गोगरी नारायणपुर तटबंध के 50वें किलोमीटर पर खारा धार स्लूइस गेट के पास जिओ बैग पीचिग के कार्य का भी निरीक्षण किया। दुधैला के पास पक्का डावेल के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। डीएम ने सीपेज और पाइपिग के विषय में भी कार्यपालक अभियंता को चेताया। कहा कि इस संबंध में भी पूरी तैयारी रखनी है, क्योंकि इसकी शिकायत कहीं से भी आ सकती है। कटाव निरोधी कार्य 15 मई तक विभागीय दिशा निर्देश के आलोक में खत्म करने का निर्देश दिया गया। जिओ बैग का स्टाक अलग-अलग स्थलों पर रखने का भी निर्देश दिया गया। जिससे बाढ़ के समय संरक्षणात्मक कार्य के दौरान सुविधा हो सके। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से बांध सु²ढ़ीकरण कार्य के बारे में कुछ आपत्तियां भी जताई। जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि विभागीय दिशा निर्देश के आलोक में कार्य कराया जा रहा है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पूरी नजर रखी जा रही है। इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता अमर कुमार सिंह, सहायक अभियंता रेणुका चौधरी, एसडीओ गोगरी अमन कुमार सुमन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य समाचार