रामनवमी शोभायात्रा में सुरक्षा के रहे पुख्ता प्रबंध

संवाद सहयोगी, किशनगंज : रामनवमी को लेकर जिले में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी शोभा यात्रा जिला में संपन्न हुआ। रविवार को शहर में निकाले गए भव्य रामोत्सव शोभा यात्रा को लेकर पुलिस सुबह से ही सतर्कता बरत रही थी। शोभा यात्रा के प्रारंभ वाले स्थल रुईधासा मैदान में सुबह नौ बजे से ही एसडीएम अमिताभ गुप्ता व एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

जुलूस वाले मार्ग में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं गांधी चौक से करीब दो घंटे तक शोभायात्रा गुजरती रही। इस दौरान एसडीएम, एसडीपीओ सदर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु, इंस्पेक्टर श्याम किशोर यादव व्यवस्था में अंत तक मौजूद रहे। वहीं मुख्यालय डीएसपी अजीत प्रताप सिंह चौहान, डीपीआरओ रंजीत कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार, बीडीओ परवेज आलम, सीओ समीर कुमार की भी प्रतिनियुक्ति अलग अलग स्थानों में की गई थी। इधर डीएम डा. आदित्य प्रकार व एसपी डा. इनामुल हक मेंगनू अपने कनीय अधिकारियों से पल पल की जानकारी लेते रहे। पुलिस की एक टीम को सादे लिबास में भी तैनात किया गया था। वहीं शोभायात्रा में महिला रामभक्तों की अत्यधिक भीड़ के कारण कई स्थानों में महिला पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। इधर पूरे जिले में 105 स्थानों में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। रामनवमी शोभायात्रा में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर 29 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। दो दर्जन संवेदनशील स्थानों में विशेष रूप से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

अन्य समाचार