जारी है अवैध खनन, नहीं है कोई नियंत्रण

जागरण टीम, खगड़िया (खगड़िया): जिले में अवैध खनन जारी है। खनन विभाग जब सख्ती बरतती है, तो रफ्तार धीमी पड़ जाती है। विभाग के सुस्त पड़ते ही दबंग खनन कार्य में संलिप्त हो जाते हैं। परबत्ता और बेलदौर प्रखंड में रूक-रूककर उजला बालू का खनन कार्य जारी है।

सूत्रों के अनुसार बेलदौर के इतमादी पंचायत अंतर्गत कोसी नदी के बारुण गांव के किनारे अवैध खनन हो रहा है। खनन कार्य रात्रि में किया जाता है। इससे क्षेत्र के एक बाहुबली जुड़े हुए हैं। जिनके डर से कोई मुंह नहीं खोलता है। अधिकारी भी वहां जाने से डरते हैं। उस दबंग की राजनीति में भी अच्छी-खासी दखल है। मालूम हो कि बारुण कोसी नदी का सर्वाधिक संवेदनशील स्थल है। ऐसे में जमींदारी बांध पर भी भविष्य में खतरा उत्पन्न हो सकता है। यह बांध बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो के अधीन है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के एक अधिकारी ने बताया कि नदी के किनारे खनन से बांध पर खतरा हो सकता है। नदी की धारा मोड़ सकती है। बेलदौर सीओ के अनुसार अवैध खनन को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में भी गंगा के किनारे खनन कार्य रूक-रूककर जारी है। इसे देखने वाला कोई नहीं है। सूत्रों के अनुसार विभागीय कार्रवाई खानापूर्ति से अधिक नहीं है। यहां के सलारपुर दियारा गंगा घाट, भरतखंड गंगा घाट, खजरैठा गंगा घाट, माधवपुर गंगा घाट, लगार गंगा घाट के किनारे और अगुवानी गंगा घाट के पास धड़ल्ले से सफेद बालू का खनन किया जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व की क्षति भी हो रही है। अगुवानी गंगा घाट पर सर्वाधिक खनन की सूचना है। यहां से दूर-दूर तक उजला बालू ट्रैक्टर से भेजा जाता है। इससे बाढ़ के समय नदी भयानक रूप अपना सकती है। जानकारी अनुसार कुछेक पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से खनन किया जा रहा है। हालांकि पूर्व में खनन विभाग की ओर से कार्रवाई की गई और कई ट्रैक्टर को भी जप्त किया गया था। खनन विभाग एवं परबत्ता पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाइवा को भी जप्त किया गया था। मिट्टी का भी अवैध खनन किया जा रहा है। जो ईंट भट्ठा तक पहुंचाया जाता है। परबत्ता सीओ अंशु प्रसून ने कहा कि समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। पुख्ता सूचना मिलने पर फिर कार्रवाई होगी। जबकि खनन अधिकारी का मोबाइल आफ बताया गया।

अन्य समाचार