अप्रैल में छाया सावन का बदरा, तेज हवा और बारिश से फसल को नुकसान

जागरण संवाददाता, किशनगंज : जिले में मौसम पिछले कुछ दिनों से खुशगवार बना हुआ है। राज्य के कई जिले में तेज गर्मी के साथ जहां लू चल रही है, वहीं किशनगंज सहित सीमांचल के जिले में गर्मी का कोई खास प्रकोप नहीं दिख रहा है। किशनगंज में पिछले कुछ दिनों से गर्मी नहीं के बराबर पड़ रही है। वहीं बारिश से किसानों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार अहले सुबह से दोपहर तक बूंदा-बूंदी होती रही। इस कारण दिनभर मौसम में ठंडापन रहा और लोगों ने गर्मी के मौसम में बारिश के साथ खुशगवार मौसम का आनंद लिया। हालांकि मौसम विभाग के जानकार के अनुसार अभी कुछ दिनों तक किशनगंज जिले में मौसम में इसी तरह रहने की उम्मीद है। वहीं बारिश के कारण किसानों की चिता लगातार बढ़ी हुई है। दो दिन पहले आंधी, बारिश के साथ ओलावृष्टि से कुछ प्रखंड में फसल को जहां व्यापक नुकसान हुआ वहीं रूक-रूककर हो रही हल्की बारिश भी अधिकांश फसलों के लिए नुकसान तो कुछ के लिए लाभदायक साबित हो रहा है। इस नुकसान का भरपाई कैसे होगा और फसल में लगे खर्च कैसे निकलेगा इसको लेकर चितित हैं।


जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि बारिश में गेहूं के फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं मक्का और गरमा फसल के लिए यह पानी लाभदायक है। वहीं आंधी और ओलावृष्टि से फसल गिरने और चोटिल होने के कारण मक्का, गेहूं, अनानस और सब्जी को नुकसान हुआ है।
गेहूं कटनी में होगी लेट:: अप्रैल माह में बेमौसम बारिश के कारण गेहूं की फसल को अधिक नुकसान पहुंचाया है। जो गेहूं पकने के कगार पर था उसके कटनी में अब समय लगेगा। गेहूं की बाली सूखने के बाद ही किसान उसे काट सकेंगे। वहीं कई जगहों पर बारिश और आंधी के कारण गेहूं की फसल खेत में गिरकर बर्बाद हो रहा है। इस बारिश ने सबसे अधिक गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है। मक्का और आम पर भी पड़ा प्रभाव:: बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि ने मक्का और आम के फसल को क्षति पहुंचाया है। आंधी और ओलावृष्टि के कारण खेत में लगे मक्का की फसल गिर गया, गिरने के बाद वह फसल अब बर्बाद हो गया है। इससे पोठिया और ठाकुरगंज प्रखंड के किसानों को अधिक नुकसान पहुंचा है। दो दिन पहले उक्त दोनों प्रखंड क्षेत्र में आंधी और ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई थी। वहीं आम के फसल को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। पेड़ में लगे मंजर और छोटे-छोटे टिकोरे टूट गए हैं, हालांकि बताया जा रहा है कि अबतक हुए पानी से आम को फायदा ही हुआ है। इधर बारिश और पानी से गरमा फसल को लाभ पहुंचा है। क्षति का प्रखंडवार किया जा रहा आंकलन:: आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल क्षति का आंकलन कृषि विभाग द्वारा शुरू कर दिया गया है। किसानों की सूचना पर जिला कृषि पदाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी को क्षति आंकलन का रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। खासकर पोठिया और ठाकुरगंज प्रखंड में अधिक नुकसान की बात बताई जा रही है। इसको लेकर कृषि पदाधिकारी स्वयं खेतों तक पहुंचकर आंकलन कर रहे हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि 20 अप्रैल तक क्षति का आंकलन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार पोठिया प्रखंड में करीब आठ ठाकुरगंज प्रखंड में करीब 10 पंचायत क्षेत्र में विभिन्न फसल को नुकसान पहुंचा है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजा जाएगा।

अन्य समाचार