दिनेश का शव घर पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम



संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल): थाना क्षेत्र की घीवहा पंचायत स्थित वार्ड नंबर दो निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार यादव का शव गुरुवार सुबह उनके पैतृक घर पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। उनकी निर्मम हत्या की खबर सुनते ही आसपास के लोगों में मातम पसरा रहा। घटना से सदमे में आई मृतक की पत्नी अर्चना देवी व बूढ़ी माता समतोलिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। शव को देखने के लिए जान-पहचान के लोगों समेत स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ सुबह से ही मृतक के दरवाजे पर जुटने लगी थी। गौरतलब है कि बुधवार की रात्रि सहरसा थाना क्षेत्र के रामपुर बलुआ पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर दिनेश की हत्या कर दी थी। घटना के वक्त वे अपने ससुराल पथरा से वापस सहरसा लौट रहे थे। लोगों का कहना है कि मृतक वे बचपन से ही शांत-सुशील स्वभाव के थे। पढ़ाई-लिखाई में उनकी काफी रुचि थी। करीब दस साल से वे सहरसा स्थित मत्स्यगंधा के समीप किराये के मकान में रहकर निजी विद्यालय व कोचिग सेंटर में बच्चों को पढ़ाते थे। वे घीवहा निवासी स्व रघुनी यादव के सबसे छोटे पुत्र थे। उनकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व सहरसा के पथरा गांव निवासी महेंद्र यादव की पुत्री अर्चना से हुई थी। मृतक के दो पुत्र हैं। कृष्ण तीन साल का जबकि दूसरा कुशकमल मात्र आठ माह का है। मृतक के ससुर ने महेंद्र ने बताया कि बुधवार को उनका दामाद अपनी पत्नी और बच्चों को साथ लेकर सहरसा से बाइक पर अपने ससुराल पथरा आया था। रात को करीब आठ बजे वे अकेले अपनी बाइक से वापस सहरसा लौट रहे थे। रास्ते में रामपुर पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने उनके सीने में गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के उपरांत पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें दाह संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

अन्य समाचार