सुरक्षित शनिवार में जोखिमों से बचाव की दी गई जानकारी

संवाद सूत्र, दिघलबैंक (किशनगंज) : प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया सह प्रखंड संसाधन केंद्र तुलसियानी में प्रत्येक शनिवार की तरह मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया किया गया। फोकल शिक्षक राजेश कुमार सिंह व बाल प्रेरकों सहित शिक्षक, शिक्षिकाओं ने जोखिमों की पहचान के संदर्भ में जानकारी दी। 10-10 बच्चों का तीन समूह बनाकर विद्यालय और उसके आस-पास जोखिमों की पहचान कर और उसे सूचीबद्ध कर विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। ताकि इसका समाधान किया जा सके।


विद्यालय आने और जाने के क्रम में रास्ते में किसी प्रकार का जोखिम अगर नजर आता है। जैसे कि रास्ते में कहीं कुआं बना हुआ है, उस पर ढक्कन लगा हुआ नहीं है। रास्ते में बिजली के खंभे बीच में गाड़ दिए गए हैं। बिजली के तार नीचे लटक गए हैं, जिससे लोग आकर के उससे टकरा सकते हैं। सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिस पर कवर लगा हुआ नहीं है। पानी के निकासी के नाले हैं और ऊपर में ढक्कन नहीं लगाए गए हैं। जिसमें बच्चे गिर सकते हैं। इन सभी समस्याओं को देखते हुए बच्चों को उसकी जानकारी विद्यालय में देने के लिए कहा गया। ताकि संबंधित अधिकारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, ग्राम कचहरी, ग्राम पंचायत के मुखिया, मनरेगा के पदाधिकारी से मदद लेकर उसका समाधान निकाला जा सकता है। मौके पर प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार साह शिक्षक मामूर अनवर, उमेश प्रसाद सिंह, कुमारी प्रेम प्रभा, कुमुद कुमारी, ममता कुमारी, जूली कुमारी, मारिया नाज, उमा कुमारी, मोना कुमारी, रितेश कुमार, मेघनाथ कोनाई, सहित अन्य विद्यालय के छात्र-छात्राएं व शिक्षक मौजूद थे।

अन्य समाचार