चूल्हे की चिगारी से लगी आग में 21 घर और लाखों की संपत्ति राख

संसू, महिषी (सहरसा): शनिवार को जलई ओपी क्षेत्र अंतर्गत बघवा पंचायत के धपारी गांव में चूल्हे से निकली चिगारी से लगी आग में 21 लोगों के घर और लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। यह सूचना मिलते ही महिषी थाना और जलई ओपी से पहुंची अग्निशमन दस्ता ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, मु. ईशाक के घर में बच्चों द्वारा चूल्हा जलाया गया था। चूल्हे से निकली चिगारी से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। जबतक लोग जुटे तबतक अब्दुल समद, नौशाद, अरमान, करीम, शमशाद, मु. हसनैन, हसीबउल्लाह, जुबेद, रसा, अकील, जमील, जहीर, शरद, नसीम, मु. हुसैन सहित कुल 21 लोगों का घर जलकर राख हो गया। अग्निकांड में घर में रखा अनाज, वस्त्र, नगदी सहित अन्य जरूरी सामान जल गया। झुलसने से चार गाय और दो बकरियों की मौत हो गई। पंचायत के मुखिया रौशन चौधरी द्वारा तत्काल सभी अग्निपीड़ितों के बीच चूरा, दूध का वितरण कराया। मुखिया, सरपंच कमलेश कुमार निराला, पंसस कंजन देवी, वार्ड सदस्य जरीना प्रवीण और अन्य ने तत्काल अंचल प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ देवनंदन सिंह ने बताया कि सभी अग्नि पीड़ितों को सरकारी प्रावधान के अनुसार जल्द ही सहायता दी जाएगी।

-------------------
संसू, कहरा (सहरसा): सदर थाना क्षेत्र के सुलिदाबाद वार्ड नंबर छह में शुक्रवार देर शाम अचानक जमीन के नीचे से आग निकलता देख लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। लोगों की माने तो स्थानीय मु. छेदी के घर के पीछे दिन से ही धुंआ उठ रहा था। रात में करीब 10 फीट लंबे एवं चौड़ाई में जमीन के अंदर से कई जगह आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। आग निकलते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा काफी मशक्कत कर जमीन से निकल रही आग को बुझाया गया। लेकिन मिट्टी को रगड़ने के बाद फिर से आग निकलने लगता था। मुखिया पूजा कुमारी द्वारा अग्निशमन दस्ता को जानकारी देकर बुलाया गया। जानकारी मिलते ही होमगार्ड के डीएसपी अखिलेश ठाकुर पहुंचे और मिट्टी का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। डीएसपी ने बताया कि डरने के बदले सावधानी बरतने की आवश्यकता है। मिट्टी को रगड़ने के बाद आग निकलती है। इसलिए वहां बच्चे को नहीं जाने देना चाहिए। मिट्टी जांच करवाने के बाद ही सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

अन्य समाचार