आसमान से बरस रही आग, घर में रहने की चेतावनी

- जमुई सहित पूरा बिहार हीट वेव की चपेट में

- मौसम के प्रकोप का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा
संवाद सहयोगी, जमुई : बिहार इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। बिहार में पछुआ हवा के कारण गर्मी बढ़ गई है। इसका असर जिले में भी दिखाई दे रहा है। लगातार एक हफ्ते से जिले का तापमान 40 डिग्री के पार है। तपती और झुलसाती गर्मी से जनमानस परेशान हैं। लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शहरी इलाकों में लोगों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। मौसम का प्रकोप लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि लू लगने की खबरें आने लगी है। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को दोपहर 12:00 से 4:00 बजे तक घर से नहीं निकलने की चेतावनी दी है। इसी वक्त अधिक तापमान रहता है।

--
आसपास के जिलों में भी पारा 40 पार
प्रदेश के शहरों में पारा लगातार 40 डिग्री के पार रिकार्ड किया जा रहा है। बांका, बक्सर, मोतिहारी, शेखपुरा, पश्चिमी चंपारण में शनिवार को लू चली है। बांका जिले के अलावा शनिवार को लू प्रभावित जिलों में मोतिहारी में 40.8, शेखपुरा में 42.6, मधेपुरा में 41.5 और वाल्मिकी नगर में 40 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया है। डेहरी में 42.8, जमुई में 42.2, औरंगाबाद में 42.1 नवादा, 42.5, पटना और गया में 41.6, भागलपुर, नालंदा/हरनौत में में 41.5 और जीरोदई 41, वैशाली में 40.9, छपरा में 40.1 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया।
--
अभी नहीं मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार उत्तर पूर्व जिलों में पुरवा की मजबूत स्थिति और चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र विकसित होने के कारण अगले 24 घंटों के दौरान बिहार के एक दो जिले में एक दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। प्रदेश के दक्षिणी भागों में पछुआ की मजबूत स्थिति होने के कारण जमुई, लखीसराय, बांका, मुंगेर, भागलपुर बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद एवं गया जिले में लू का प्रवाह जारी रहेगा।

अन्य समाचार