प्रधानाध्यापक नहीं दे रहे टीसी, आक्रोशित विद्यार्थी सड़क पर उतरे



संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कुल्हड़िया के प्रधानाध्यापक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। टीसी नहीं देने से नाराज वर्ग अष्टम के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को महेशखूंट-अगुवानी पथ को महेशलेट मोड़ के पास जाम कर दिया। इस मौके पर कई अभिभावक भी मौजूद थे। प्रधानाध्यापक के खिलाफ विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की। जाम से सड़क के दोनों किनारे वाहनों की कतारें लग गई। काफी देर तक यातायात बाधित रही।
सूचना पर बीडीओ अखिलेश कुमार पहुंचे। उन्होंने प्रधानाध्यापक दिवाकर तिवारी को भी बुलाया। विद्यार्थियों की समस्या से अवगत हुए। प्रधानाध्यापक दिवाकर तिवारी ने बीडीओ से कहा कि उनके विद्यालय में वर्ग नवम और दशम की पढ़ाई हो रही है। टीसी देने से विभागीय अधिकारी ने ही मना किया है। वहीं विद्यार्थियों ने कहा कि प्रधानाध्यापक दिवाकर कुमार दबंग हैं। वे किसी की नहीं सुनते हैं। जान-बूझकर टीसी नहीं दे रहे हैं। वे लोग दूसरे विद्यालय में नामांकन चाहते हैं। छात्रा पल्लवी कुमारी, शिवानी कुमारी, चंदा कुमारी आदि ने बीडीओ से कहा कि, आखिर टीसी देने में प्रधानाध्यापक क्यों आनाकानी कर रहे हैं। विद्यालय में पढ़ाई के नाम पर मात्र खानापूर्ति की जाती है। इस कारण हमलोग दूसरे विद्यालय में नामांकन लेना चाहते हैं। इसके बाद बीडीओ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की। बीडीओ ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रधानाध्यापक आप लोगों को टीसी देंगे। इसके बाद जाम हटा।

अन्य समाचार