छेड़खानी का प्रयास, मारपीट

जागरण संवाददाता शेखपुरा

मंगलवार की रात एक युवक ने पड़ोसी के घर घुसकर सोई विवाहित से छेड़खानी करने लगा। जब महिला के शोर मचाने पर उसका पति जागा, तब बदमाश ने पति-पत्नी दोनों के साथ मारपीट की। बदमाश ने धारदार हथियार से विवाहिता के पति के माथे पर वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना जिला मुख्यालय से सुदूर कोरमा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। घायल को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित महिला ने बताया मंगलवार की रात गर्मी की वजह से उनका पति घर के बाहर खटिया पर सोये थे। पीड़िता ने बदमाश की पहचान संजय कुमार के रूप में की है। पुलिस ने पीड़िता का फर्द बयान दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को कुचला, हुई मौत
जागरण संवाददाता, शेखपुरा :
बुधवार की दोपहर शेखपुरा-ससबहना सड़क पर अरियरी थाना क्षेत्र के रौंदी मोड़ के समीप अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। इस हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर दिया और शव को लाने गई पुलिस पर पथराव भी कर दिया।
बाद में पूर्व विधायक और जदयू जिलाध्यक्ष रणधीर कुमार सोनी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करवाया और शव को उठवाया। मृतक की पहचान सदर प्रखंड के मुरारपुर गांव के निवासी सतीश महतो (65) के रूप में हुई है। गिरफ्तार ट्रैक्टर चालक की पहचान शेखपुरा शहरी क्षेत्र के इंदाय निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। बताया गया मुरारपुर गांव निवासी सतीश महतो की कुछ जमीन कसार थाना के महुएत गांव में भी है। अभी जिले में जमीन का नया सर्वे कार्य चल रहा है। वे बुधवार की सुबह अपनी जमीन के सर्वे कार्य से महुएत गए थे और दोपहर में साइकिल से वापस अपने घर मुरारपुर लौट रहे थे। तभी गिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क जाम कर रहे लोगों के पथराव में कई पुलिस जवानों को चोटें आई है।

अन्य समाचार