अज्ञात ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूल जा रही बच्ची की मौत

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया) : प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं घट रही है। सड़कों पर मौत नाच रही है। शुक्रवार को अज्ञात ट्रैक्टर की ठोकर से एक छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जबकि एक अन्य बालक घायल हो गया है। घटना चौथम थाना क्षेत्र के लगमा गांव में घटी। मृतका की पहचान लगमा गांव के रविद्र पोद्दार की छह वर्षीय पुत्री रजनी कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही चौथम पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम में सदर अस्पताल भेज दिया।

चौथम थाना में दिए आवेदन में मृतिका के पिता ने बताया है कि उनकी छह वर्षीय बेटी रजनी और आशीष कुमार पढ़ने के लिए लगमा स्थित एक प्राइवेट स्कूल जा रहे थे। इस दौरान करुआ-बदला पथ पर लगमा गांव के समीप एक अज्ञात ट्रैक्टर ने दोनों को ठाकर मार दी। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए चौथम सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। इधर सूचना पर सीपीआइ के जिलामंत्री सह पूर्व प्रखंड प्रमुख प्रभाकर प्रसाद सिंह भी लगमा गांव पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को सांत्वना दिया। साथ ही प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजे देने की मांग की। इधर घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा। चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। --------- ट्रैक्टर की चपेट में आया आटो, छह घायल, चार की हालत गंभीर संवाद सूत्र, महेशखूंट (खगड़िया) : जीएन तटबंध के निकट टेम्हा बन्नी घाट महेशखूंट के पास शुक्रवार की दोपहर एक टोटो अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे टोटो पलटकर 40 फीट के गड्ढे में चला गया। टोटो पर आठ लोग सवार थे। जिसमें छह लोग जख्मी हो गए। सभी मुंडन समारोह से वापस लौट रहे थे। जख्मी हुए छह लोगों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एक ही परिवार की पांच महिलाएं शामिल हैं।
स्वास्थ्य मेला में उमड़ रही मरीजों की भीड़ यह भी पढ़ें
घायलों में झिकटिया पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी रीमा देवी, सुनीता देवी, सरिता देवी, मीणा देवी, हीरा कुमारी व नथुनी ठाकुर शामिल हैं। सभी घायलों को गड्ढे से बाहर निकाल कर उपचार के लिए महेशखूंट स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार बाद चार घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही महेशखूंट पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। टोटो और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। दोनों वाहनों के चालक भागने में सफल रहे। घटना की पुष्टि महेशखूंट थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह झिकटिया पंचायत के वार्ड संख्या छह के कुंदन राम के पुत्र का मुंडन संस्कार टेम्हा बन्नी बूढ़ी गंडक घाट पर हुआ। वापस लौटते वक्त यह घटना घटी। झिकटिया पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार सुमन और मदारपुर पंचायत के वार्ड सदस्य विवेकानंद शर्मा ने अस्पताल पहुंच घायलों का हालचाल लिया।

अन्य समाचार