पंचायत के विकास व उत्थान के लिए पारित किए गए कई प्रस्ताव

संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल): पंचायती राज दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत भीमपुर में मुखिया रंजन कुमार भारती की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस विशेष आम सभा में सभी वार्डो के वार्ड सदस्य, पंच, आम जनता आदि ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आम सभा में पंचायत के विकास व उत्थान के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए।

पंचायती राज दिवस पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों व आमजनों को बधाई देते हुए मुखिया ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का सपना था कि पंचायती राज को सरजमीं पर उतारा जाए तो भारत विकसित देश की श्रेणी में शामिल होकर नई गाथाएं लिखेगा। भारत इस बार बारहवां पंचायती राज दिवस मना रहा है। आज काफी प्रसन्नता हो रही है कि अमृत महोत्सव के तहत पंचायती राज दिवस मनाया जा रहा है। इस विशेष आम सभा में नौ एसडीजी थीम पर कार्य करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसमें गरीबी उन्मूलन, शुद्ध पेय जल की उपलब्धता, स्वच्छ व सुन्दर पंचायत का निर्माण, पर्यावरण संरक्षण पर कार्य, प्रत्येक वार्ड में सोलर लाइट लगाने पर विचार, महिला सशक्तिकरण पर जोर, लैंगिक समानता, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, पंचायत में स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण आदि पर प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल युग में पंचायत के प्रत्येक नागरिकों तक डिजिटल तकनीक से हर कार्य को अमलीजामा पहनाना मेरा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी हमारी टीम कार्य कर रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई उद्योग लगाने पर भी विचार किया गया है। मौके पर सरपंच ललित दास, उप मुखिया ममता देवी, उप सरपंच पार्वती देवी,पंचायत सचिव रामू मेहता,लेखापाल सुधांशु कुमार, रोजगार सेवक अबू बकर, आवास सहायक राजीव रंजन, किसान सलाहकार दीपनारायण मंडल, डाटा इंट्री आपरेटर वीरेंद्र कुमार, वार्ड सदस्य हीरालाल पासवान, अमेरिका देवी, कैली देवी, रंजन देवी गीता देवी, संतोष पासवान, रविन्द्र कामत, मंजित सिंह, राजेश सिंह, रामप्रवेश सिंह, पंच कुंभनारायण मंडल, मीना देवी, रामदेव मंडल, ललिता देवी, अशोक पासवान, महासुनैर देवी, अभिषेक कुमार, लक्ष्मण कामैत, निर्मला देवी, सावित्री देवी, डोमनी देवी आदि उपस्थित थे।

अन्य समाचार