अंतरराज्यीय गांजा तस्कर रौशन सिंह के घर पर पुलिस ने चलाया बुलडोजर

संसू.,बड़हिया (लखीसराय)। बड़हिया थाना क्षेत्र के जैतपुर के अंतर राज्यीय गांजा तस्कर रौशन सिंह के घर पर पुलिस ने रविवार को कानून का बुलडोजर चलाया।

कोर्ट के आदेश पर घर की संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया। एएसपी लखीसराय सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में स्थानीय थाना पुलिस के जवान एवं चौकदार घर में लगा दरवाजा, खिड़की, चौकी, बिछावन, कपड़ा, बर्तन, खाद्यान्न, रेलिग, बक्सा आदि सामान को कुर्क कर बड़हिया थाना ले गए। घर में लगे दरवाजे एवं खिड़की को तोड़ने के लिए पुलिस ने बुलडोजर एवं गैस कटर मशीन का प्रयोग किया। एएसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि बड़हिया थाना कांड संख्या 266/21 में (एनडीपीएस) लखीसराय कोर्ट के निर्देशानुसार फरार चल रहे रौशन सिंह एवं उसके भाई मौसम कुमार के घर पर एक माह पूर्व इश्तेहार चिपकाया गया था। कोर्ट द्वारा दिये गए समय के अंदर समर्पण करने को कहा गया था। तय समय के अंदर रौशन सिंह ने समर्पण नहीं किया तो कोर्ट के निर्देशानुसार कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया की पिछले वर्ष सितंबर में बड़हिया थाना पुलिस के गश्ती दल ने जैतपुर बहियार स्थित रौशन सिंह के ईंट भट्ठा परिसर से 43 पैकेट में रखे लगभग 550 किलोग्राम गांजा बरामद की गई थी। वह गांजा रौशन सिंह का था। रौशन सिंह पर इसके पूर्व भी मारपीट एवं गोली फायर करने सहित कई मामले दर्ज हैं जिसमें वह फरार चल रहा है। मौके पर बड़हिया थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, एसआइ धीरज कुमार, रविद्र कुमार सहित कई पुलिस जवान मौजूद थे।

अन्य समाचार