विवाहिता को दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारपीट कर किया घायल, केस दर्ज

संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया): फारबिसगंज के भागकोहलिया वार्ड संख्या सात में दहेज के लिए एक विवाहिता को पति एवं ससुराल के लोगो के द्वारा मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद पीड़ित महिला ने स्थानीय थाना में आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। दिए गए आवेदन में भागकोहलिया वार्ड संख्या 7 निवासी प्रीतम कुमारी पति राजा बुद्ध प्रकाश सुधी ने बताया है कि हिदू रीति-रिवाज के अनुसार सात वर्ष पूर्व उसका विवाह राजा बुद्ध प्रकाश सुधी उम्र 32 वर्ष पिता सदानंद भगत के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे एक लड़की मिस्टी सुधी उम्र करीब पांच वर्ष है। शादी के एक वर्ष बाद ही उसके पति उसे दहेज के लिए बराबर प्रताड़ित करते रहते थे। पति के द्वारा दहेज के लिए पिताजी से नगद 10 लाख रुपया मांगने का दबाव दिया जाता था। पति उसके पति बराबर शराब के नशे में आकर भद्दी भद्दी गाली एवं मारपीट करते रहते थे। विगत 24 अप्रैल को दोपहर में वह अपने घर पर थी। उसी क्रम में अचानक राजा सिया शरण सुधी उर्फ लाल भगत पिता सदानंद भगत, गुड़िया देवी पति राजा सिया सुधि उर्फ लाल भगत, सदानंद भगत एवं जगदीश भगत सभी भागकोहलिया वार्ड संख्या 7 निवासी अचानक आए और एकजुट होकर लाठी-डडे से मारपीट करने लगे। इसी बीच उसे जान से मारने की नियत से सर पर राजा बुद्धि सिया सुधी एवं राजा बुद्धि प्रकाश सुधी ने प्रहार कर दिया जिससे वह खून से लथपथ हो गई। मारपीट के दौरान जब उसका भाई अमृत चौधरी बचाने आया तो उसे भी सभी ने मिलकर लोहे का रड से सर पर मार कर जख्मी कर दिया। उक्त व्यक्तियों ने धमकी दिया कि जब तक 10 लाख रुपया नहीं दोगे तब तक उसे नहीं रखेंगे नहीं तो जान से मार देंगे। हल्ला गुल्ला होने पर परिजन एवं आसपास के लोगों के द्वारा इलाज कराया गया। इधर मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेन्दु ने कहा कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए विवाहिता ने आवेदन दिया है। जिस पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य समाचार