महेशखूंट पुलिस की लापरवाही से छैला बहियार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर

संवाद सूत्र, महेशखूंट (खगड़िया)। विगत 26 मार्च की रात महेशखूंट थाना क्षेत्र के पकरैल पंचायत अंतर्गत छैला बहियार- लेवा में सशस्त्र अपराधियों ने मदारपुर निवासी चंद्रशेखर यादव के बासा पर पहुंच कर ताबड़तोड़ फायरिग कर बासा को आग के हवाले कर दिया। घटना में लगभग 15 लाख की क्षति हुई। पीड़ित चंद्रशेखर यादव की पत्नी मुन्नी देवी के आवेदन पर महेशखूंट थाना में गोगरी थाना क्षेत्र के गौरैया बथान निवासी विकास यादव, कैलाश यादव, रंजीत यादव, नीतिश कुमार, शैलेश यादव, मधु यादव, रविन यादव, निवास यादव समेत नौ लोगों को आरोपित किया गया। परंतु, अब तक महेशखूंट पुलिस किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिससे अपराधियों का मनोबल छैला बहियार में आसमान छू रहा है। और वे एक के बाद एक घटना को अंजाम दे रहे हैं। मनबढ़ अपराधी बीते सप्ताह ट्रैक्टर से फसल लेकर गोगरी थाना क्षेत्र के गोरैया बथान जा रहे जितेंद्र यादव उर्फ जीतन यादव को गोली मारकर घायल कर दिया। हालांकि जीतन यादव अब खतरे से बाहर हैं।


इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष द्वारा गोरैया बथान निवासी अजय यादव, विक्रम यादव, सुद्धन यादव, बुद्धन यादव, बीरबल यादव और महेशखूंट थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी शेखर यादव, पौरा के राणा यादव व मनोज यादव समेत पांच अज्ञात अपराधियों को आरोपित किया गया है। जिसमें समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इस मामले में महेशखूंट थानाध्यक्ष ने कहा कि अब तक एक भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी चल रही है। उक्त बहियार पर नजर रखी जा रही है।

अन्य समाचार