लुटेरों को ढूंढने में वैज्ञानिक अनुसंधान का मदद लेगी पुलिस



संवाद सूत्र,जमालपुर (मुंगेर) : चार दिन पहले ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र में रेलकर्मी के साथ हुए दो लाख कैश लूटपाट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान से मामले की जांच कर रही है, उम्मीद जताई जा रही है कि इस अनुसंधान में पुलिस को सफलता मिलेगी। सूत्रों की माने तो लूट मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। घटना में शामिल युवक की पहचान कर ली गई है। सत्यापन का काम जल्द ही हो जाएगा। पुलिस कप्तान जग्गुनाथ रेडी जलारेड्डी ने ईस्ट कालोनी पुलिस को सख्त निर्देश दिया है। थानाध्यक्ष विजय कुमार यादवेंदु ने बताया कि पूरे घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। लुटेरे की पहचान को लेकर पुलिस अनुसंधान कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान से पुलिस घटना को अंजाम देने वाले युवक की पहचान करने में जुट गई है, काफी हद तक सफलता मिली है जल्द ही बदमाश तक पुलिस पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम ²ष्टया मामला पेशेवर गैंग का है। हर बिदु पर पुलिस अनुसंधान कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने वाले हैं, जिससे घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों की पहचान संभव हो सकती है। थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील किया कि मोटी रकम बैंक से निकासी के दौरान पुलिस को सूचना दें, उन्हें सुरक्षित घर तक पुलिस पहुंचाएगी। बैंक परिसर या आसपास में संदिग्ध नजर आने पर इसकी सूचना शाखा और स्थानीय थाना को दें।

अन्य समाचार