महिलाओं और बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में चार अभियुक्त दोषी करार

जागरण संवाददाता, सुपौल। महिलाओं और बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अब फैसले की घड़ी नजदीक आ गई है। मंगलवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश षष्ठम सह विशेष न्यायाधीश पोक्सो पाठक आलोक कौशिक की कोर्ट ने घटना में शामिल चार अभियुक्तों को दोषी करार करते हुए फैसले को सुरक्षित रखा है। इस पर कोर्ट द्वारा 11 मई को फैसला सुनाया जाएगा।

मामला प्रतापगंज थाना कांड संख्या 100/19 तथा पोक्सो 54/19 से संबंधित है। जिसमें छह लोगों ने मिल कर दो महिलाओं समेत एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना में एक महिला को गोली भी मारी गई थी। जिसका इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना आठ अक्टूबर 2019 को उस समय की है जब दो महिला समेत एक नाबालिग लड़की अपने स्वजनों के साथ प्रतापगंज थाना के तीनटोलिया गांव में लगे दुर्गा पूजा मेला देखकर वापस अपने घर लौट रही थी। रास्ते में मु. अली शेर, अनमोल यादव, मु.अयूब तथा मु. जमाल ने अन्य दो लोगों के साथ इन सभी को एक सुनसान जगह पर घेर लिया और उनके साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान इन लोगों ने इन तीनों के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना का सबसे अहम बिदु यह था कि जिस महिला की मौत हुई थी उसे पहले गोली मारी गई फिर इन दरिदों ने उनके साथ बलात्कार किया । सुनवाई के दौरान इस बात की पुष्टि हुई कि मृत महिला के साथ इन लोगों ने ऐसी दरिदगी की जिससे महिला की लीवर, आंत समेत इनके प्राइवेट अंग तक को काफी क्षति पहुंचाया था । जिसके कारण इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता नीलम कुमारी ने बताया कि घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्त अब भी फरार चल रहे हैं। शेष बचे चार पर आरोप गठित किए गए थे। जिसमें कुल 12 गवाहों को पेशी हुई। अधिकांश गवाहों ने घटना की पुष्टि की थी।

सुनवाई उपरांत उक्त कोर्ट ने मु. अली शेर, अनमोल यादव, मु. अयूब तथा मु. जमाल को भादवि की धारा 341, 342, 323, 376डी/34, 302/ 34, 394 /34, आ‌र्म्स एक्ट के 27 तथा ,पोक्सो 6 के तहत सभी को दोषी पाते हुए फैसले को सुरक्षित रखा है। जिसपर कोर्ट द्वारा 11 मई को फैसला सुनाया जाएगा। कोर्ट द्वारा अनमोल यादव को सीआरपीसी 221 (2 ) के आधार पर इन्हें 302 का दोषी करार दिया गया है। अब लोगों की निगाहें 11 मई पर टिकी हुई है जब कोर्ट द्वारा फैसला सुनाया जाएगा। बहु चर्चित इस घटना ने जिले वासियों को निर्भया कांड की याद ताजा कर दिया था। इसको लेकर लोगों में काफी आक्रोश दिख रहा था। घटना को सुनकर ही लोग सिहर उठ रहे थे। अब लोगों को 11 मई का बेसब्री से इंतजार है जब कोर्ट द्वारा इन दरिदों के विरुद्ध फैसले सुनाए जाएंगे।

अन्य समाचार