खपत सौ मेगावाट की, आपूर्ति हो रही है मात्र 20 मेगावाट

जागरण संवाददाता, खगड़िया : दिन प्रतिदिन गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। गर्मी से लोगों का जीना मुहाल होने लगा है। ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति से जिलेवासी परेशान हैं। जिले में बिजली आपूर्ति की दयनीय स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्र को छोड़ भी दें तो शहरी क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति का हाल बेहाल है। घंटों बिजली गायब रहती है। पूछने पर अधिकारी स्पष्ट कहते हैं कि लोड शिडिग के कारण बिजली काटी गई है। जानकारी के अनुसार बीते एक सप्ताह से जिले में बिजली की आपूर्ति काफी कम हो रही है। जिस कारण लोड शिडिग कर क्षेत्रवार रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की जा रही है। जिस कारण एक क्षेत्र की बिजली काटी जाती है तो दूसरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में लोगों को पांच से छह घंटे भी बिजली सही ढ़ग से नहीं मिल पाती है। आपूर्ति के दौरान ही स्थानीय खराबी को दूर किया जाता है। जिले को मात्र 20 मेगावाट मिल रही बिजली खगड़िया जिले में एक ग्रिड और एक सुपर ग्रिड है। दोनों ग्रिड मिलाकर वर्तमान में 15 से 20 मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जबकि जिले में बिजली की कुल खपत सौ मेगावाट है। जिसका पांचवां भाग ही जिले को आपूर्ति हो रही है। जानकारी के अनुसार 20 मेगावाट में 10 मेगावाट खगड़िया शहर के लिए, छह मेगावाट बछौता फीडर, चार मेगावाट मानसी फीडर और बीरबास दो मेगावाट आपूर्ति की जा रही है। कोट


जिले में 95 से सौ मेगावाट बिजली की खपत है। वर्तमान में 20 मेगावाट तक ही आपूर्ति हो रही है। जिस कारण बिजली आपूर्ति में समस्या हो रही है। रोटेशन के आधार पर क्षेत्रवार बिजली दी जा रही है। सूबे के कई बिजली घरों से आपूर्ति नहीं हो रही है। जिस कारण जिले को कम बिजली आपूर्ति हो रही है।
अजीत कुमार, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल खगड़िया।

अन्य समाचार