रमजान के आखिरी जुमे की नमाज आज, बाजारों में बढ़ी रौनक

संवाद सहयोगी, लखीसराय : रमजान का पावन महीना अब अंतिम पड़ाव में है। भीषण गर्मी और तल्ख मौसम के बीच रोजेदार रोजा रखकर अपने खुदा की इबादत कर रहे हैं। रमजान का 29 वां रोजा शुक्रवार को होगा। रमजान महीने की आखिरी जुमे पर सभी मस्जिदों में रोजेदार नमाज अदा करेंगे। इसके अगले सप्ताह यानी तीन मई को ईद पर्व मनाए जाने की संभावना है। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े सहित अन्य सामानों की खरीदारी करने में जुट गए हैं। विपरीत मौसम में भी रोजेदार परंपरा के तहत दिनभर रोजा कर शाम को इफ्तार कर रहे हैं। बाजार में मुस्लिम महिलाएं खरीदारी करती दिख रही हैं।


-----
कपड़े की बढ़ी मांग
ईद पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। जिला मुख्यालय स्थित बाजार में मुस्लिम समुदाय के लोग पर्व के लिए अपनी जरूरत के सामान खरीदने लगे हैं। रेडीमेड और कपड़े की दुकानों के अलावा टेलर्स दुकान में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। ईद पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनते हैं। इस कारण कपड़ों की खूब बिक्री हो रही है। बड़े बुजुर्ग कुर्ता पाजामा सिलवा रहे हैं। शहर के शापिग माल में भी मुस्लिम महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। जूते-चप्पल की दुकानों में भी भीड़ बढ़ गई है।
-----
फल और सेवई की भी बढ़ गई बिक्री
रमजान को लेकर फल और सेवई की बिक्री बढ़ गई है। शहर के मुस्लिम टोलों में सेवई की अस्थाई दुकान खुल गई है। वहां कई तरह की सेवई मिल रही है। इसके अलावा बाजार में अंगूर, नारंगी, तरबूज, खीरा, ककरी, खजूर आदि फलों की बिक्री खूब हो रही है।

अन्य समाचार