गिट्टी छड़ लदे बेलगाम ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, पुत्र घायल

संवाद सहयोगी, राजगीर : थाना क्षेत्र के छबिलापुर-राजगीर सड़क मार्ग किनारे स्थित डाक बाबा के पास एक खड़ी महिला को गिट्टी छड़ से लदे एक बेलगाम ट्रैक्टर ने शनिवार को कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला छबिलापुर थाना क्षेत्र के पंचायत गोरौर स्थित गांव निवासी मल्लु दास की 40 वर्षीय पत्नी रीता देवी है। वह अपने बड़े बेटे विक्की के साथ बाइक पर सवार हो राजगीर प्रखंड कार्यालय से घर लौट रही थी। इस क्रम में दोनों मां बेटे थोड़ी देर सुस्ताने के लिए सड़क किनारे डाक बाबा के पास रुके और खड़े थे। तभी अचानक मौत की रफ्तार से बेलगाम ट्रैक्टर ने रीता देवी को कुचल दिया। जबकि विक्की भी झटके खाकर दूर जा गिरा। घटनास्थल पर ही रीता देवी ने दम तोड़ दिया था। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में इलाज के लाया गया। मगर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर को छोड़ चालक फरार होने में सफल रहा। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। उधर अनुमंडलीय अस्पताल में स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। मृतका के बड़े बेटे विक्की कुमार ने बताया कि वो शनिवार को अपनी मां के साथ बाइक से इंदिरा आवास राशि की दूसरी किस्त का लाभ लेने के लिए प्रखंड कार्यालय राजगीर आए थे। बाइक से हम दोनों मां बेटे घर लौट रहे थे। लेकिन तपती दोपहरी की धूप और गर्मी के कारण डाक बाबा के पास पानी पीकर थोड़ा सुस्ताने के लिए रूके। इसी बीच यह घटना हुई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


अन्य समाचार