राज्य इकाई के निर्वाचन पर सहरसा बासा ने जताया विरोध

संस, सहरसा : बिहार प्रशासनिक सेवा संघ (बासा) जिला इकाई की बैठक अपर समाहर्ता सह बासा जिलाध्यक्ष विनय कुमार मंडल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के निर्वाचन तथा बासा पदाधिकारियों के सेवा शर्त और पदोन्नति के विषय पर चर्चा की गई।

सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बासा की राज्य इकाई के निर्वाचन पद्धति के बायलाज में संशोधन के बाद प्रक्रिया को अपनाया जाना था। इसको लेकर आमसभा की बैठक आहूत कर बासा के बायलाज में अपेक्षित संशोधन किया जाना था जो नहीं किया गया। ऐसी परिस्थिति में बासा के राज्य इकाई का जो निर्वाचन संपन्न हुआ है जिला इकाई इसे मान्यता नहीं देता है। निर्णय लिया गया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा की प्रोन्नति में विलंब नहीं होता है। जिन नियमों के तहत उनके प्रोन्नति ससमय क्रियान्वित हो जाता है। उसी नियमों के तहत बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों की प्रोन्नति होनी चाहिए। बासा के केंद्रीय इकाई इसको सुनिश्चित कराए। बैठक में कहा गया कि अधिकांश जिला में बासा पदाधिकारियों के लिए आवासन एवं कार्यालय वेश्म की व्यवस्था नहीं है। इसकी समुचित व्यवस्था के लिए सरकार के समक्ष मांग रख जाना चाहिए। कहा गया कि जिला में बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों के लिए कार्यान्वित पदों पर रिक्त रहने के बावजूद भी पदस्थापन नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्रीय इकाई सरकार के समक्ष पदस्थापन का प्रस्ताव रखें। बैठक में सदर एसडीओ सह बासा जिला इकाई सचिव प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सुनील कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रविद्र कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर राजेंद्र दास, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो अजमल खुर्शीद, वरीय उप समाहर्ता सौरभ राज, मनीष कुमार झा, नीरज सिन्हा, चंदन कुमार झा, दिलीप कुमार राम सहित अन्य मौजूद रहे।

अन्य समाचार