मटिऔर में गोली मारकर युवक की हत्या

समस्तीपुर । मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मटिऔर गांव में आपसी रंजिश और पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही एक युवक पर लगाया गया है। मृतक मटिऔर निवासी भीखन राय (40) था। समाचार लिखे जाने तक थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया था। दिल्ली से मृतक के पुत्र के आने की प्रतीक्षा की जा रही है। उसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार भीखन रविवार को घर से अपने खेत की ओर जा रहा था। पूर्व से घात लगाए एक युवक ने दिनदहाड़े सीने में गोली मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इसी क्रम में पटना पुल पर उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दो दिन पूर्व इसी गांव के राजेन्द्र राय का पुत्र बउआ जी एवं भीखन राय के बीच गेहूं दौनी के दौरान विवाद हुआ था। जिसमें भीखन राय के द्वारा उसकी पिटाई की गई थी। हालांकि इस विवाद को ग्रामीण स्तर पर सलटा दिया गया था। थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक अनुसंधान में बउआ जी के द्वारा गोली मारने की बात सामने आ रही है। स्वजनों के द्वारा थाना में अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। शव को अंत्यपरीक्षण हेतु सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी करने में जुटी है।

शव के साथ किया प्रदर्शन व आगजनी - भूसे के विवाद में मटिऔर के युवक को उतारा मौत के घाट
- आक्रोशितों ने काटा ववाल, सड़क जाम कर कराया बाजार बंद मोहिउद्दीननगर,संस : थाना क्षेत्र के मटिऔर में आपसी रंजिश व पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही एक युवक राजेन्द्र राय के पुत्र प्रेमकांत राय उर्फ बौआ पर है। घटना के विरोध में स्वजनों व ग्रामीणों ने शव के साथ घंटों प्रदर्शन करते हुए महनार- बछवारा पथ को जाम कर विरोध जताया। आक्रोशित लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। डीएसपी ओमप्रकाश अरुण व थानाध्यक्ष राजन के कुमार के आश्वासन के बाद सड़क जाम व आंदोलन को समाप्त किया गया। वहीं घटना का कारण दौनी के बाद भूसे को लेकर दो पक्षों में हुए आपसी तनाव और मारपीट बताया गया है। मृतक मटिऔर निवासी भीखन राय है। जानकारी के अनुसार वह रविवार को अपने घर से खेत की ओर जा रहा था। पूर्व से घात लगाए युवक ने दिनदहाड़े सीने मे गोली मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जिसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। जाने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व इसी गांव के राजेन्द्र राय का पुत्र प्रेमकांत राय उर्फ बौआ जी एवं मृतक भीखन राय के बीच गेहूं दौनी के उपरांत भूसे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस अनुसंधान में जुटी है। चार घंटे तक रहा सड़क जाम मूक दर्शक बनी रही पुलिस
युवक की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध मे ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। घटना के बाद सब कुछ सामान्य माहौल दिखने में तो लग रहा था परंतु अंदर ही अंदर लोगों के बीच आक्रोश की ज्वाला धधक रही थी। जिसकी भनक पुलिस को नहीं थी। घटना के बाद आनन- फानन में इलाज के लिए उसे ले जाया गया। कितु ज्योंही पटना ले जाने के क्रम में मौत हुई, लोग इस घटना के विरोध में पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए आंदोलन पर उतर आए। पुलिस शव को अंत्यपरीक्षण हेतु सदर अस्पताल सीधे भेजना चाहती थी कितु स्वजनों व ग्रामीणों ने शव को लेकर मोहिउद्दीननगर बाजार से गुजरने वाले हाजीपुर- बछवाड़ा मुख्य पथ पर पहुंच गए व सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन करते हुए उक्त पथ को जाम कर दिया। लगभग चार घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। वहीं बाजार बंद रहा। हालात ऐसी हो गई कि एक ओर लोग टायर जलाकर पुलिस के विरोध मे नारेबाजी करते रहे और पुलिसिया व्यवस्था मूक दर्शक बनी रही।
आक्रोशित ग्रामीणों के साथ पुलिस पहुंची मटिऔर
हत्या के बाद आक्रोशित लोगों का जत्था सड़क पर उतरा था। थानाध्यक्ष व डीएसपी के आश्वासन पर लोग मान तो गए परंतु पुलिस प्रशासन को अपने साथ घटनास्थल पर चलने को मजबूर कर दिया। प्रशासनिक महकमा ने लोगों की बातों पर अमल करते हुए उसके साथ घटना स्थल मटिऔर पहुंचे। ग्रामीणों के साथ पुलिस उन आरोपितों के घर भी पहुंची जिसका नाम इस कांड में प्रमुखता से सामने आ रहा है।

अन्य समाचार