राशन की हो रही है कालाबाजारी, डीलर पर नहीं हो रही कार्रवाई

जागरण टीम, परबत्ता, बेलदौर (खगड़िया) : जन वितरण प्रणाली में एक से बढ़कर एक मामले सामने आ रहे हैं। आए दिन जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों पर कालाबाजारी का आरोप लगता है। बीते दिनों मड़ैया ओपी के छितनिया से एक पिकअप पर 50 बोरा कालाबाजारी का चावल मिला। इस संबंध में मड़ैया ओपी में एमओ द्वारिका शर्मा के बयान पर मामला दर्ज हुआ। लेकिन अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। केवल पिकअप और चावल जब्त की गई है। पिकअप आनर और चालक का भी कोई अता-पता नहीं चला है। चावल खाद्यान्न योजना की थी। ओपी प्रभारी विजय सहनी ने कहा कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।


दूसरा ताजा मामला बेलदौर प्रखंड के कुर्बन पंचायत में सामने आया है। यहां के उपभोक्ता हैरान-परेशान हैं। जानकारी अनुसार कुर्बन के डीलर धनेश्वर सदा ने करीब 165 क्विटल राशन का गोलमाल किया है। लेकिन अब तक विभागीय पदाधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उपभोक्ता विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक कुर्बन गांव के जन वितरण प्रणाली विक्रेता धनेश्वर सदा बीमार पड़े और छुट्टी के लिए आवेदन दिया। विभाग ने उनकी छुट्टी स्वीकृत की। बीते 14 अप्रैल को धनेश्वर सदा के दुकान से जुड़े उपभोक्ताओं को सावित्री देवी के जन वितरण प्रणाली दुकान से टैग कर दिया गया। लेकिन डीलर धनेश्वर सदा ने सिर्फ पोस मशीन सावित्री देवी को सुपुर्द किया। जबकि 165 क्विंटल राशन एक पखवाड़ा के बाद भी सावित्री देवी को नहीं मिला है। उपभोक्ता सावित्री देवी के यहां राशन के लिए आते हैं। सावित्री देवी कहती हैं कि उन्हें राशन ही नहीं मिला है, तो कहां से देंगे। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि धनेश्वर सदा ने 165 क्विंटल राशन का क्या किया। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार उक्त डीलर ने राशन की कालाबाजारी कर दी है। इस संबंध में बेलदौर के एमओ कुमोद कुमार ने बताया कि धनेश्वर सदा ने सिर्फ पोस मशीन संबंधित डीलर को सौंपा है। 165 क्विंटल राशन नहीं सौंपा है। उन्होंने नोटिस दी जा रही है। एफआइआर भी दर्ज कराया जाएगा।

अन्य समाचार