नमाज अदा करने के बाद वतन के सारे अवाम के लिए पढ़ा फातिया

संसू, ठाकुरगंज (किशनगंज) : नगर सहित प्रखंड क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में धूमधाम से ईद का पर्व मनाया। ठाकुरगंज शहर के बसीरनगर में स्थित ईदगाह में सैकड़ों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर अपने अल्लाह ताला से अमन-चैन, शांति और खुशहाली की दुआएं मांगी। ईद के इस खास दिन घरों में शीर-खूरमा बनाए गए। लोग नए कपड़े पहन कर सुबह नौ बजे से पहले नमाज अदा करने ईदगाह पहुंच गए थे। ईद के नमाज अदा करने के बाद वतन के सारे आवाम के लिए फातिया पढ़ा गया। इसके बाद सभी लोग अपने करीबियों से मिल कर ईद की मुबारकबाद दी और पकवान खाकर त्योहार का लुत्फ उठाया। वहीं, अन्य समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।


इस मौके पर ठाकुरगंज पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। इस मौके पर बीडीओ सुमित कुमार, सीओ ओमप्रकाश भगत, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार, कुर्लीकोट थानाध्यक्ष एकबाल अहमद खान, पुर्व मुख्य पार्षद देवकी प्रसाद अग्रवाल, पुर्व मुखिया शौकत अली आदि प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड, अंचल व क्षेत्र वासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा के साथ ईद मनाने की अपील की। इस दौरान पूर्व प्रमुख नूरजहां बेगम व राजद नेता के मानिकपुर स्थित आवास में सभी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने ईद को मौके पर एक दूसरे को बधाई देते हुए लजीज व्यंजन का आनंद उठाया। इस दौरान थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने कहा कि ईद मुसलमानों के लिए एक मुबारक त्योहार होता है। मुस्लिम समाज 30 दिन रोजे रखते हैं। उसके बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है।

अन्य समाचार