फसल चराने के विरोध पर की मारपीट

जासं, शेखपुरा :

बुधवार को सिरारी पुलिस ओपी के मानपुर गांव में जबरन फसल चराने का विरोध करने पर बदमाशों ने खेत मालिक सतीश यादव की लाठी डंडे से पिटाई कर दी। घायल सतीश को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार की सुबह सतीश दूध बेचने के लिए गांव से बाजार चला गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सतीश की फसल में पशु घुसा दिया। जब सतीश की पत्नी इसका विरोध किया, तब उसे गली-गलौज किया। बाजार से लौटने पर सतीश ने इस बात का विरोध किया तब उसके साथ भी मारपीट की गई।
तालाब खोदाई में गड़बड़ी की शिकायत

जासं, शेखपुरा:
जिले के अरियरी प्रखंड के डीहा पंचायत के बैकठपुर गांव में सरकारी स्तर से तालाब की हो रही खोदाई में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई है। इसको लेकर कुछ ग्रामीणों ने डीडीसी को आवेदन देकर खोदाई में निर्धारित सरकारी मापदंडों को ताक पर रखकर काम करने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का यह पौराणिक तालाब 6 बीघा रकवा का है। इसकी खोदाई जल-जीवन-हरियाली योजना से की जा रही है। पोकलेन मशीन से तालाब की खोदाई की जा रही है, मगर तय गहराई के बजाय ऊपर-ऊपर ही खोदाई का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि ऊपर-ऊपर खोदाई करने से जल संग्रह नहीं होगा। इसकी खोदाई कम से कम 5 फीट करने की मांग की है। खोदाई की गहराई को लेकर ग्रामीणों ने ठीकेदार पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। इस तालाब की खोदाई हो जाने से मछली पालन के साथ-साथ सिचाई और विभिन्न जल स्त्रोतों के भूजल स्तर को भी बनाए रखने में मदद मिलेगी।

अन्य समाचार