3874 हेक्टेयर में मक्का की फसल हुई बर्बाद

संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया): बेलदौर में 12 हजार हेक्टेयर में मक्का की खेती होती है। बीते दिनों की आंधी और मूसलाधार बारिश से व्यापक पैमाने पर फसल को नुकसान पहुंची है। करीब पांच हजार हेक्टेयर से अधिक में मक्का की फसल को क्षति पहुंची है। लेकिन कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति के आकलन की बात करें तो 12 हजार हेक्टेयर में से मात्र 3874 हेक्टेयर मक्का फसल क्षति की रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। रिपोर्ट पर किसान सवाल खड़े कर रहे हैं। पीरनगरा के किसान अवधेश यादव के मुताबिक अकेले पीरनगरा के सिनयाही चांप, तीनडोभा चांप, जबहा, कोपरिया, सुगरमारी, खगमा चांप में ही करीब दो सौ हेक्टेयर में लगी मक्का को नुकसान हुआ है। लेकिन कृषि विभाग के द्वारा पूरे पंचायत में 640 हेक्टेयर में से मात्र 228 हेक्टेयर में फसल क्षति का आकलन करना समझ से परे है। दिघौन के मु. मासूम ने कहा कि दिघौन में करीब आठ सौ हेक्टेयर से ज्यादा में मक्का की फसल को क्षति पहुंची है। किसानों ने फिर से फसल क्षति का आकलन करने की मांग डीएम से की है।

बाढ़ में बह गई सड़कें, आज तक नहीं बनी यह भी पढ़ें
प्रखंड कृषि कार्यालय बेलदौर की रिपोर्ट के अनुसार बेलदौर प्रखंड क्षेत्र में मात्र 3874 हेक्टेयर मक्का की फसल की क्षति हुई है। पंचायतवार फसल क्षति की रिपोर्ट की बात करें तो महिनाथ नगर पंचायत में अच्छादित रकवा 392 हेक्टेयर में से मात्र 138 हेक्टेयर में फसल क्षति हुई है। माली में 393 हेक्टेयर में से 148 हेक्टेयर, कंजरी में 914 में 315 हेक्टेयर, पीरनगरा में 640 में 228, बेला नौवाद 693 में 285, तेलिहार 603 में 202, बेलदौर 790 में 248, चोढ़ली 196 में 65, पचौत 516 में 165, बलैठा 887 में 295, इतमादी 586 में 195, डुमरी 980 में 315, दिघौन 1342 में 415, कुर्बन 1180 में 365, बोबिल 586 में 240, सकरोहर 765 में 255 हेक्टेयर में मक्का की फसल को क्षति पहुंची है। बीएओ राजेश कुमार ने बताया कि आंधी में 3874 हेक्टेयर में फसल क्षति का आकलन तैयार किया गया है। पांच करोड़ 22 लाख 99 हजार की क्षति हुई है। आवश्यक पड़ी तो और क्षति का आकलन तैयार किया जाएगा।

अन्य समाचार