दोनों देश के पदाधिकारियों की बैठक में संयुक्त गश्ती का हुआ निर्णय

संसू, जोगबनी (अररिया): सीमावर्ती नेपाल में 13 मई को होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार को सीमावर्ती भारत-नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक नेपाल के विराट चौक स्थित होटल नेपालिरीन में हुई। जिसमें जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच और अररिया के पुलिस कप्तान अशोक कुमार सिंह सहित कई अधिकारी शामिल हुए। इंडो- नेपाल संयुक्त कोआर्डिनेशन बैठक में सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त गश्ती तथा निकाय चुनाव के मद्देनजर सीमा को 72 घंटे पूर्व सील करने की बात कही गई। ज्ञात हो की नेपाल में स्थानीय निकाय चुनाव 13 मई को होनी है। बैठक में दोनों देशों के असामाजिक तत्वों व अपराधियों के किसी भी घटना को अंजाम देने के बाद एक दूसरे देश भागने पर रोकथाम और नियंत्रण करने पर जोर दिया गया। सीमा से हथियार, गोला बारूद, मादक प्रदार्थ सहित अन्य वस्तुओं के तस्करी पर रोक के साथ ही साथ सूचना आदान प्रदान पर जोड़ दिया गया।बैठक में भारत के और से अररिया जिलाधिकारी सहित एसपी अशोक कुमार सिंह, एसएसबी 52 वी बटालियन के सेकेंड इन कमांड ब्रजेश कुमार, एसएसबी 56 वी बटालियन के सेकेंड इन कमांड कस्तूरी लाल, अररिया एसडीओ शैलेश चंद्र दिवाकर, फारबिसगंज एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलवेला, अररिया तथा फारबिसगंज के एसडीपीओ पुष्कर कुमार तथा रामपुकार सिंह सहित कई अधिकारी तथा नेपाल के मोरंग जिला पदाधिकारी काशीराज दहाल, मोरंग एसपी शांतिराज कोइराला, सुनसरी सीडीओ इन्द्रदेव यादव,एसपी संजय सिंह थापा, एपीएफ एसपी विक्रम होमगाइन सहित दोनों ओर से कई अधिकारी शामिल थे। जिसमें भारत तथा नेपाल के उच्चाधिकारी शामिल हुए। गुरुवार को हुई बैठक मौरंग नेपाल के सीडीओ काशीराज दहाल के नेतृत्व में आयोजित की गई वही भारत से गये अधिकारियों का नेतृत्व अररिया जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने किया। सर्वप्रथम बैठक के लिए भारत से आए सभी अधिकारियों का सीमा पर मौरंग के सहायक सीडीओ शरद पौखरेल ने स्वागत किया। वही सीमा से बैठक स्थल पहुंचने पर सभी अधिकारियों को गार्ड आफ आनर दिया गया।जिसके बाद बैठक हाल में पहुचने के बाद अररिया जिलाधिकारी तथा मोरंग के जिलाधिकारी का सभी अधिकारियों के साथ परिचय करवाया गया तथा इसके बाद मुख्य एजेंडे पर वार्ता आरंभ की गई।


अन्य समाचार