खैरा के हरियाडीह बहियार स्थित पंप हाउस में मिला युवक का शव

संवाद सहयोगी, जमुई : जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियाडीह गांव से सटे बहियार स्थित पंप हाउस से शुक्रवार की सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के गले में रगड़ का निशान पाया गया है। जिससे उसके आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना पाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान, पुअनि संजीत कुमार एवं शंकर दयाल राव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

शव की शिनाख्त झाझा थाना क्षेत्र के फोक्सा के स्व. इंद्रदेव गोस्वामी के पुत्र विजय गोस्वामी के रूप में हुई है। मृतक विजय पिता के देहांत के बाद मां के साथ अपने ननिहाल हरियाडीह में बस गया था। लेकिन फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या मानकर यूडी केस दर्ज करने की बात कह रही है। मृतक की मां ने बताया कि विजय बाहर रहकर कमाता था। कुछ दिन पहले अपने मामा की बेटी की शादी में घर आया था। रात में वह खाना खाकर सो गया। सुबह देखा कि विजय अपने कमरे में नहीं है। जिसके बाद उसकी खोजबीन करने लगे। बहियार स्थित पंप हाउस पर जाकर देखा तो ताला खुला था और वहां विजय मरा पड़ा था। मां ने बताया कि ननिहाल में बसने के लिए विजय ने अपने मामा से कुछ जमीन भी खरीदी थी। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक का मोबाइल तथा एक मच्छरदानी बरामद किया है।

------
फिलहाल यूडी केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। पुलिस अपने स्तर से अनुसंधान कर रही है।
डा राकेश कुमार, एसडीपीओ, जमुई।

अन्य समाचार