अरुण हत्याकांड की आरोपित महिला गिरफ्तार, तीन बाइक व एक बोलेरो बरामद

संवाद सहयोगी, लखीसराय : जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनपुर गांव में भूमि विवाद में ग्रामीण अरुण सिंह की हत्या मामले में स्थानीय थानाध्यक्ष की लापरवाही के के बाद एएसपी सैयद इमरान मसूद एक्शन में है। घटना से मर्माहत एएसपी ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने घटना के बाद एक टीम गठित कर नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दियारा क्षेत्र में अभियान चलाया। सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कबैया थानाध्यक्ष राजीव कुमार की टीम ने हसनपुर गांव से हत्या के नामजद आरोपित पंकज सिंह की पत्नी विभा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम ने आरोपित अवनीश सिंह की बुलेट बाइक सहित तीन बाइक और एक बोलेरो भी बरामद की है। पुलिस की टीम सर्विलांस के आधार पर आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित अवनीश सिंह और पंकज सिंह के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की लेकिन वह भागने में सफल रहा।


----
मृतक का भूमि विवाद से कोई नाता नहीं
भूमि विवाद में जिस अरुण सिंह की हत्या की गई उनका इस विवाद से कोई लेना देना नहीं था। वे सूरत में काम करते थे। कुछ दिन पहले ही अरुण सिंह सूरत से अपने ससुराल पतनेर में आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। अरुण सिंह का कसूर इतना था कि उन्होंने मारपीट करने से मना किया। इसके बाद अवनीश और पंकज सिंह ने उन्हें मौत की सजा दे दी। अरुण सिंह की हत्या की खबर से उनके ससुराल में भी कोहराम मच गया। मृतक को दो बेटी और एक बेटा है। पीड़ित परिवार पक्ष के मनोज सिंह ने बताया कि हमलोग कमजोर थे। इसका फायदा उठाकर अवनीश सिंह ने मेरे पूरे परिवार पर हमला कर दिया। पहले भी उसके द्वारा गोलीबारी का झूठा केस करके फंसाया गया था। पीड़ित परिवार ने एएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

अन्य समाचार