सदर विधायक चंद्रमुखी देवी ने कहा- खगड़िया विकास की ओर अग्रसर है

जागरण संवाददाता, खगड़िया : खगड़िया जिले के 41 वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में केक काटा गया। इस मौके पर उपस्थित पूर्व सदर विधायक चंद्रमुखी देवी ने कहा कि जिला निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। जिसमें खगड़िया के राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जिला प्रशासन का भी अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि पूर्व में खगड़िया मुंगेर जिला का अंग था। आज जिला बने हुए 41 वर्ष हुए। कई तरह के उतार-चढ़ाव आए। खगड़िया जिले के बुद्धिजीवियों के मार्गदर्शन और पूर्वजों के आशीष से खगड़िया जिला विकास के अग्रणी श्रेणी में है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने खगड़िया जिले के विकास की लंबी चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रविशचंद्र, पूर्व जिला अध्यक्ष डा. कंचन कुमार पटेल, चुनाव सेल के जिलाध्यक्ष डा. अरविद कुमार सिंह, जिला महामंत्री सुमिता देवी राय, जिलामंत्री आलोक विद्यार्थी, जिला मीडिया प्रभारी मनीष कुमार राय, पूर्व जिला महामंत्री शत्रुघ्न भगत, नगर अध्यक्ष अश्वनी चौधरी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार साह आदि मौजूद थे।



स्थापना दिवस पर कार्यपालक सहायकों को डीएम ने किया सम्मानित

खगड़िया : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला स्थापना दिवस पर जिले में लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर दो दर्जन से अधिक आरटीपीएस कर्मियों को डीएम आलोक रंजन घोष ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रशस्ति पत्र पाने वालों में कार्यपालक सहायक कृष्णमुरारी कुमार, मिथिलेश चौधरी, सूरज कुमार, आइटी सहायक पुरुषोत्तम कुमार, निलेश कुमार, विपिन कुमार, अजय कुमार आदि शामिल हैं। इधर, प्रशस्ति पत्र से सम्मानित कार्यपालक सहायक कृष्णमुरारी कुमार ने कहा कि डीएम के कुशल नेतृत्व में यह जिला निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। डीएम आलोक रंजन घोष कुशल नेतृत्वकर्ता के साथ साथ मार्गदर्शक की भूमिका भी निभा रहे हैं। इससे आरटीपीएस कर्मियों में विभागीय कार्य करने की क्षमता बढ़ी है।

अन्य समाचार