विशेष नामांकन अभियान के तहत निकली प्रभातफेरी

संस, हरदा (पूर्णिया)। शिक्षा विभाग के निर्देश पर मध्य विद्यालय उफरैल सदर मुख्यालय पूर्णिया एवं केनगर प्रखंड के मध्य विद्यालय मजरा अनुसूचित जाति टोला के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विशेष नामांकन अभियान के तहत अभिभावकों को जागरूक करने के लिए अपने पोषक क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली।

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पूर्णिया सदर, सुमन कुमार सिंह का आगमन हुआ। वह भी बच्चों और शिक्षकों के साथ प्रभात फेरी का हिस्सा बने। उन्होंने विद्यालय में होने वाले इस तरह के आयोजनों के लिए विद्यालय की प्रशंसा की और शुभकामनाएं भी दी।

इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य वैसे बच्चों को विद्यालय में नामांकित करना है, जो अब भी किसी कारण से विद्यालय से दूर हैं और शिक्षा से वंचित है। मवि उफरैल के प्रभात फेरी विद्यालय से निकल कर रामनगर, विकास नगर, अंबेडकर नगर ऋषि टोला से होते हुए मरंगा बायपास मार्ग से विद्यालय वापस पहुंची। विद्यालय के स्काउट-गाइड के छात्र- छात्राओं ने बैंड के साथ प्रभात फेरी के लिए निकली टोलियों का नेतृत्व किया। हाथों में बैनर और तख्तियां पकड़े बच्चे काफी उत्साहित थे,और बैंड के धुन के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
प्रभात फेरी के लिए निकली टोली की गतिविधियों की निगरानी विद्यालय की राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका अर्चना के साथ ही अजय कुमार पंडित अजय कुमार, अभिषेक पंकज , संजीव कुमार, गीता कुमारी, चंदा कुमारी सोनी कुमारी, मौसमी दत्त, अमित आनंद, विशाल शर्मा तथा शिव शंकर हलदर आदि कर रहे थे। मवि मजरा अनुसूचित जाति टोला के प्रधानाध्यापक दिनेश पासवान, वरीय शिक्षक नंदकिशोर भगत के नेतृत्व में स्कूली बच्चों के द्वारा स्लोगन नारे के साथ पोषक क्षेत्र का भ्रमण किया।

अन्य समाचार