एक बीईओ चला रहे छह प्रखंड, जिले में हांफ रही है शिक्षा व्यवस्था

संवाद सहयोगी, लखीसराय । शिक्षा विभाग की गाड़ी पूरी तरह जिले में बेपटरी है। शिक्षा पदाधिकारियों की कमी से पूरी व्यवस्था हाशिए पर है। जिले में एक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कई प्रखंड के प्रभार में हैं। एक महिला बीईओ नक्सल प्रभावित कजरा में है। ऐसे में शिक्षा विभाग का पूरा कामकाज प्रभावित हो रहा। लखीसराय प्रखंड के बीईओ छह प्रखंड के प्रभार में हैं। डीपीओ के भी कई पद खाली हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का लंबे समय से छह पद खाली रहने के कारण स्कूलों का निरीक्षण से लेकर पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हो रहा है। बीईओ की कमी के कारण जिले में निजी विद्यालयों के रजिस्ट्रेशन का कार्य भी पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ----


छह प्रखंडों में नहीं है प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी
जिले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कुल आठ पद स्वीकृत हैं। इसमें दो बीईओ कार्यरत हैं। छह प्रखंडों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का पद लंबे समय से रिक्त है। लखीसराय प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार साह लखीसराय के अलावा सूर्यगढ़ा, बड़हिया, हल्सी, रामगढ़ चौक, पिपरिया और चानन प्रखंड के प्रभार में हैं। एकमात्र महिला बीईओ डा. रंजना कुमारी कजरा की बीईओ है। लखीसराय के बीईओ विनोद कुमार साह कहते हैं कि एक साथ छह प्रखंडों का काम देखने में काफी परेशानी होती है। कहीं भी ठीक से समय नहीं दे पाते हैं। इससे कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ----
वेतन लखीसराय से और ड्यूटी पटना में कर रही डीपीओ
जिले में पदस्थापित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजश्री वर्ष 2019 से बिहार बोर्ड में सहायक सचिव के पद पर प्रतिनियुक्त हैं लेकिन उनका वेतन लखीसराय स्थापना कार्यालय से भुगतान हो रहा है। डीपीओ माध्यमिक संजय कुमार अगले तीन माह के लिए विभागीय ट्रेनिग में पटना चले गए हैं। जिले में कार्यक्रम पदाधिकारी के कुल छह पद स्वीकृत हैं लेकिन कार्यरत एक भी नहीं है। ----
कोट
जिले में शिक्षा पदाधिकारी के कई पद पूर्व से ही रिक्त हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी पदाधिकारियों की कमी से विभाग जूझ रहा है। जिले में छह प्रखंडों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का पद खाली रहने से काम काज प्रभावित होता ही है। प्रखंडों में बीआरपी के माध्यम से कार्य हो रहा है। इस संबंध में हमने आरडीडीई मुंगेर और राज्य मुख्यालय को पत्राचार कर जिले में पदाधिकारियों की कमी से अवगत कराया है।
विमलेश कुमार चौधरी, डीईओ, लखीसराय

अन्य समाचार