गर्मी में बिगड़ सकता है स्वास्थ्य, रखें अपना ख्याल

संवाद सहयोगी, लखीसराय : जिले में लगातार एक पखवाड़े से गर्मी बढ़ गई है। तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य पर इसका असर दिखाई देने लगा है। निर्जलीकरण और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्या के अलावा सनबर्न के मामले बढ़ गए हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि इस मौसम में आप अपना ख्याल रखें। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. राकेश कुमार के अनुसार गर्मी की तपिश सेहत को बहुत ज्यादा प्रभावित करती है। इस मौसम में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हमें परेशान करने लगती हैं। कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं, जिनसे पीड़ित लोगों को इस मौसम में खास तौर पर एहतियात बरतनी चाहिए। डीएस ने बताया कि अधिक तापमान और गर्म हवाओं का सीधा असर हमारे नर्वस सिस्टम पर पड़ता है। इससे गर्मियों में अकसर हीट स्ट्रोक की समस्या हो जाती है, जिसे बोलचाल की भाषा में लू लगना भी कहा जाता है। गर्मी के मौसम का तेज तापमान और पसीने की नमी त्वचा को बहुत अधिक नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए अनावश्यक कड़ी धूप और गर्मी में घर से बाहर नहीं निकलें। ----


लू से बचाव है जरूरी
गर्मी बढ़ने के साथ ही लू का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इस मौसम में थोड़ी सी असावधानी जीवन के लिए घातक हो सकती है। लू का शिकार न हों, इसके लिए सतर्क रहने की जरूरत हैं। गर्मी के मौसम में ऐसे लू से बचा जा सकता है। - घर से निकलने से पहले भरपेट पानी पी लें। - खाली पेट यानी बिना खाए घर से बाहर न निकलें। - सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें। - धूप में निकलते समय सूखे कपड़े से अपना सिर ढकें। - ओआरएस या घर में तैयार लस्सी, छांछ, नीबू पानी, आम का शरबत आदि का नियमित सेवन करें।

अन्य समाचार