अररिया गांव में मड़वा के दौरान फायरिग, दहशत है कायम

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): मड़ैया ओपी के अररिया गांव में सुबोध प्रसाद यादव के बेटे बीरबल यादव के मड़वा के दौरान गोलीबारी और रोड़ेबाजी हुई। इस घटना में चार लोग जख्मी हैं। सभी जख्मी अररिया गांव के रहने वाले हैं। जख्मियों में डा. रेणु कुमारी, मनीष कुमार, ललिता देवी आदि शामिल हैं। रोड़बाजी की घटना पर मड़ैया ओपी प्रभारी विजय सहनी दल बल के साथ पहुंचे। लेकिन स्थिति कंट्रोल नहीं हुई। स्थिति बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। काफी मशक्कत बाद स्थिति को नियंत्रण किया गया। गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार भी पहुंचे और अररिया गांव में घंटों कैंप किया। इस घटना को लेकर अररिया के सुबोध प्रसाद यादव ने मड़ैया ओपी में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया है कि उनके पुत्र का मड़वा था। इस दौरान आधे दर्जन लोगों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। सुबोध प्रसाद यादव ने आवेदन में रंगदारी मांगे जाने की बात भी कही है। घटना को अंजाम देने वाले अररिया गांव के ही बदमाश थे। आरोपितों में अररिया गांव के मुरारी यादव, यशवंत यादव समेत आधे दर्जन लोग शामिल हैं। घटना के बाद से अररिया गांव में तनाव व्याप्त है। मड़ैया ओपी प्रभारी विजय सहनी ने बताया कि गोलीबारी और रोड़ेबाजी समेत अन्य वारदात को लेकर सुबोध प्रसाद यादव के आवेदन पर आधे दर्जन लोगों को आरोपित किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है। घटना बाद से सुबोध यादव और उनके स्वजन दहशत में है। उन्हें अनहोनी की आशंका सता रही है। मालूम हो कि अररिया गांव संवेदनशील माना जाता है। हालांकि घटना बाद से वहां पुलिस कैंप कर रही है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।


अन्य समाचार