पुलिस टीम पर गोली चलाकर भागने का प्रयास, कुख्यात गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, खगड़िया : अलौली का कुख्यात राजेश यादव उर्फ राजेश पहलवान पुलिस पर गोली चलाकर भागने के प्रयास में पकड़ा गया। उसके पास से दो देसी कटटा, 14 कारतूस और दो खोखा बरामद किया गया। उसकी तलाश कई संगीन मामलों में पुलिस को थी। वह अलौली का ही रहने वाला है। एसपी अमितेश कुमार को सूचना मिली कि उक्त कुख्यात कचनाभित्ता बहियार में कई दिनों से घूम रहा है। इस सूचना पर सदर एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में अलौली थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार, दारोगा अभिषेक गौतम समेत अन्य जवानों को रवाना किया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस को देखकर कुख्यात घबरा गया और पुलिस पर दो फायर कर चकमा देकर भागने का प्रयास किया। जिसे दबोच लिया गया। चर्चित लुरक हत्याकांड में उसकी खोज पुलिस को थी। इस आलोक में केस दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि उससे पूछताछ बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। कुख्यात पर कई केस है दर्ज


कुख्यात राजेश यादव पर कई संगीन केस दर्ज है। एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि हत्याकांड मामले में उस पर अलौली थाना कांड संख्या 112-09 दर्ज है। हत्याकांड मामले में ही उस पर अलौली थाना में 73-11 केस दर्ज है। हथियार बरामदगी मामले में उस पर अलौली थाना कांड संख्या 227-12 दर्ज है। इसी तरह हत्याकांड मामले में उस पर अलौली में ही 483-21 दर्ज है और पुलिस पर हमला मामले में उस पर अलौली में केस नंबर 209-22 दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता बताई जा रही है।

अन्य समाचार