बेतिया में हिसक झड़प, कालीबाग ओपी प्रभारी समेत चार लोग घायल

बेतिया। शहर के छावनी मछलीहट्टा में बुधवार की देर रात में दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। इसमें कालीबाग ओपी प्रभारी रणधीर कुमार भट्ट सहित चार ग्रामीण घायल हो गए। जबकि, दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें लगी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टंी दे दी गई। इस बीच घटना की सूचना पर डीएम कुंदन कुमार, एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा, एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। मगर एहतियात के तौर पर पुलिस कैंप कर रही है। एसपी ने बताया कि दो पक्षों में झड़प की सूचना पर पांच थानों की पुलिस को बुलाया गया। पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग चोटिल हो गए। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई होगी। झड़प की क्यों हुई, अभी यह स्पष्ट नहीं है। दोनों पक्षों का अलग-अलग बयान है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं कालीबाग ओपी प्रभारी ने बताया कि एक पक्ष के अनुसार रात करीब पौने 11 बजे उत्तरवारी पोखरा से छावनी होते हुए एक बरात मनुआपुल जा रही थी। बरात में डांस करने को लेकर कुछ लड़कों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान किसी ने बरात पर पत्थर फेंक दिया। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। वहीं दूसरे गुट का कहना है अंडा खाकर एक व्यक्ति जूठा पानी एक ग्रामीण पर फेंक दिया। दोनों में कहासुनी हुई और मारपीट होने लगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ युवक एक ठेला के पास एकत्रित होकर आइसक्रीम खा रहे थे। इसी बीच एक युवक ने पान की पीक फेंकी, जो बाइक से गुजर रहे एक युवक के शरीर पर चला गया। देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी। घटना की सूचना पर कालीबाग ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पथराव की वजह से स्थिति बेकाबू थी। सूचना पर एसडीओ और एसडीपीओ पहुंचे। मनुआपुल, नगर, मुफस्सिल, बानुछापर, कुमारबाग, चनपटिया थाने की पुलिस को भी बुलाया गया। बाद में डीएम और एसपी ने स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। घटना से माहौल गरम है।


अन्य समाचार