जहरीली शराब पीने से साला-बहनोई की मौत, एक बीमार



संवाद सूत्र, चौसा (मधेपुरा) : चौसा थाना क्षेत्र के घोषई में शराब पीने से एक परिवार में साला-बहनोई की मौत हो गई है। घटना के बाद घर कोहराम मच गया। रविवार की रात सुबोध झा के घर में हुई पार्टी में सरहसा के दामाद आलोक झा ने साला के साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शराब पीने के बाद बीमार सुबोध झा का पुत्र अभिनव कुमार उर्फ गोलू की मौत सोमवार को इलाज के दौरान हुई। दोनों साला बहनोई की मौत को लेकर चिकित्सक ने बताया कि शराब पीने के बाद दोनों की सांस गति रूक जाने के कारण मौत हो गई। घोषई पंचायत के मनोज झा के पुत्र प्रभात कुमार की भी स्थिति नाजुक है। उसने भी शराब पी थी। उसकी स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि प्रभात कुमार के आंखों की रोशनी भी कम हो गई है। फिलहाल वह भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती है। ग्रामीणों की मानें तो रविवार की रात सभी ने पार्टी की थी। पार्टी में शराब का सेवन किया गया था। उसके बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ गई। सुबोध झा के घर उनका दामाद आलोक झा आए थे। उनके आने की सूचना पर दूसरा दामाद भी पहुंचा। इसके बाद साला-बोहनोई के बीच एक पार्टी का आयोजन किया गया। उसी पार्टी में शराब का आनंद लिया। चौसा समदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित चिकित्सक डा. अमित कुमार ने बताया कि घोषई से आए सभी लोगों में अल्कोहिल गंध आ रही थी। ऐसे उनके स्वजनों से फीडबैक लिया गया था। इसमें पार्टी करने की बात सामने आई थी। प्वाइजन अल्कोहल से उनकी मौत हुई है।

कोट घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। मौत के कारण का पता लगाया जा रहा है। -सतीश कुमार, डीएसपी, उदाकिशुनगंज

अन्य समाचार