आठ सालों में जितना काम हुआ उतनी आजादी के बाद की सरकारें भी नहीं कर सकी : मंत्री

मोतिहारी । गन्ना उद्योग सह विधि मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा है कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पिछले 8 वर्षों के शासनकाल में जितना काम किया उतना आजादी के बाद की किसी सरकार ने नहीं की। वे सांगठनिक जिला ढाका अंतर्गत मधुबन विधानसभा कार्यालय में गुरुवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ राज्य के पूर्व सहकारिता मंत्री सह विधायक राणा रंधीर व लालबाबू प्रसाद गुप्ता भी मौजूद थे। मंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। देश आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे चल पड़ा है। देशवासियों में राष्ट्रवाद की भावना बढ़ी है। जनता के लिए हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बढ़ी है। किसानों और गरीबों की आय बढ़ी है। देश मुश्किलों से उबरकर जल्दी खड़ा होना सीख गया है। पिछले 8 वर्षों में देश की गरीबी 22 फीसद से घटकर 10 फीसद से नीचे आ गई है। कोरोना संकट के बावजूद अत्यंत गरीबी की दर भी एक फीसद से कम 0.8 फ़ीसद आ गई है। विदेशी मुद्रा भंडार में भी लगभग दोगुना वृद्धि हुई है। पूर्व मंत्री सह मधुबन विधायक राणा रणधीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार देश की तरक्की के लिए दिन रात काम कर रही है, इसके परिणाम सामने हैं। उन्होंने कहा कि मधुबन प्रखंड के कृष्णानगर चौक से फेनहारा प्रखंड मुख्यालय तक 3 मीटर वाली 11 किलोमीटर सड़क अब 5.50 मीटर चौड़ी होगी। पत्रकार वार्ता को विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, शिवहर के पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने संबोधित किया। मौके पर मंडल अध्यक्ष जंगबहादुर कुशवाहा, रवीन्द्र तिवारी, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख महेश पासवान, उपप्रमुख गजेंद्र सिंह, चुन्नू सिंह, मनीष पांडेय, अर्जुन सिंह, किशोरी बैठा, अरूण राम, राजेश सहनी आदि मौजूद थे।


इनसेट
भारत निर्मित वैक्सीन से देश व विश्व की सुरक्षा के लिए युगों तक याद रहेंगे पीएम मोदी : सीकरीया
मोतिहारी : शहर के समाजसेवी, युवा उद्योगपति यमुना सीकरीया ने कहा मोदी सरकार के नेतृत्व में केन्द्र की भाजपा सरकार ने आठ वर्ष पूरे किये हैं। यह आठ वर्ष देश के लोकतंत्र को मजबूती देते हुए गरीबो, दलितो, महिलाओं, युवाओं एवं समाज में सभी को सशक्तिकरण करने एवं उनके जीवन में उत्थान लाने की यात्रा हैं। यह यात्रा भ्रष्टाचार, परिवारवाद, जातिवाद के दंश से ग्रसित देश को राजनीति पर विकासवाद की जीत की यात्रा हैं। कोरोना काल में जिस प्रकार सरकार ने बड़े-बड़े निर्णय लिये। भारत निर्मित वैक्सीन का निर्माण किया। हमारी सुरक्षा के साथ-साथ विश्व की कई देशों के लोगों की सुरक्षा की गई। इस कार्य को इतिहास के पन्नों में कई युगों तक याद किया जाएगा। स्वच्छ भारत अभियान, नमामि गंगे योजना, राममंदिर निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, लोकल फोर वोकल गति शक्ति योजना समेत कई योजनाओं ने देश को विश्व की अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया। आज अठारह राज्यों में भाजपा की सरकार हैं। आजादी के अमृतकाल में पहली बार देशवासियों को यह एहसास हुआ कि केन्द्र में उनकी अपनी सरकार हैं, जो उनके लिए काम करती हैं।

अन्य समाचार