अमृत सरोवर निर्माण की जोर पकड़ने लगी रफ्तार

मधुबनी । जल संरक्षण के लिए अनूठी योजना अमृत सरोवर निर्माण की रफ्तार जोर पकड़ने लगी है। जिले में 75 अमृत सरोवर के निर्माण में मनरेगा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसमें जल जीवन हरियाली योजना का सहयोग मिल रहा है। सरकार के अन्य विभाग से सरोवरों के निर्माण में तकनीकी सहयोग मिल रहा है। जिले में अमृत सरोवर की शुरुआत के साथ ही जल संरक्षण से संबद्ध सरकार के अन्य विभाग सक्रिय हो गए हैं। जिले के मधेपुर प्रखंड के प्रसाद पंचायत के खरमैटी गांव में अमृत सरोवर का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शुरू होने से जिले के मजदूरों को गांव में रोजगार मिल रहा है। सरोवर में कार्य करने वाले मजदूरों से चार से पांच घंटे कार्य लिए जाते हैं। इसके एवज में उन्हें मनरेगा द्वारा निर्धारित प्रतिदिन 200 भुगतान किया जाता है। एक अमृत सरोवर में 80 से 120 लोग लगातार कार्य कर रहे हैं।

बेलौंचा पंचायत के धमक्का में हंगामे की भेंट चढ़ी सेविका चयन प्रक्रिया यह भी पढ़ें
-------------
16 अमृत सरोवर बनाने का चल रहा काम :
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में फिलहाल 16 अमृत सरोवर बनाने का काम चल रहा है। जून के अंत तक सरोवर निर्माण की संख्या 20 पर पहुंच जाएगी। इस योजना के तहत जिले में 75 अमृत सरोवर का कार्य पूरा करना है। इसके लिए 15 अगस्त 2023 का लक्ष्य निर्धारित है। मनरेगा डीपीओ रमेश कुमार ने बताया कि राजनगर, खुटौना, झंझारपुर सहित अन्य प्रखंडों में अमृत सरोवर का कार्य प्रगति पर है। झंझारपुर के काको में अमृत सरोवर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर निर्माण कार्य के बीच बारिश के कारण कार्य में कठिनाई हो सकता है। अमृत सरोवर बनाए जाने वाले तालाबों से जल की निकासी कर उसकी सफाई कार्य किया जा रहा है। बता दें कि पर्यटन स्थल के रूप में 75 तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाना है। एक से अधिक हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले तालाबों की गहराई बढ़ाई जाएगी। एक सरोवर पर आठ से दस लाख रुपये का बजट है।

अन्य समाचार