अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

समस्तीपुर। रोसड़ा पुलिस ने बाइक चोरी से जुड़े चार अंतर जिला गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही दर्जनों बाइक चोरी मामले के उछ्वेदन का दावा भी किया है। महीनों से शहर में भाड़े का मकान लेकर रह रहे गिरोह के सदस्यों द्वारा घटना को अंजाम देकर सीधे कुशेश्वरस्थान तक चोरी की बाइक पहुंचाई जाती थी। इस सिलसिले में रोसड़ा पुलिस ने दो शातिर को गिरफ्तार भी किया। उसकी निशानदेही पर जगह-जगह छापेमारी की गई। गिरफ्तार अपराधियों में हसनपुर थाना क्षेत्र के शासन निवासी मदन ठाकुर का पुत्र चंद्रवर्धन कुमार तथा हसनपुर का ही मो. सद्दाम शामिल है। पूछताछ के दौरान इन अपराधियों ने अपने सरगना के साथ साथ कई सदस्यों का नाम भी पुलिस को बताया। थानाध्यक्ष रामाशीष कमती ने बताया कि सभी की शिनाख्त भी की गई। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। थानाध्यक्ष के अनुसार शहर में 4 बाइक चोर गिरोह सक्रिय थे। यह गिरोह समस्तीपुर के अलावा बेगूसराय, दरभंगा एवं खगड़िया जिला में भी बाइक चोरी की घटना को अंजाम देता था। शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ला में एक गिरोह के आठ सदस्य भाड़ा के चार कमरा में रहता था। और बाइक चोरी कर सीधे कुशेश्वरस्थान के बर्रा गांव मे सरगना तक पहुंचाता था। उक्त गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी होते ही अन्य सभी फरार हो गए। गिरोह के दूसरे सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार बदमाशों ने दर्जन भर से अधिक बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। दूसरे गिरोह के सरगना गोस्वामी द्वारा दिन में ही चोरी करने की बात बताई। वहीं तीसरा गिरोह का सरगना ननकू यादव और चौथा का विभूतिपुर के नरहन निवासी अजीत कापर उर्फ टमाटर है। वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ छापेमारी भी जारी है। बताते चलें कि विगत कई महीनों से शहर में लगातार हुई बाइक चोरी की घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी।


अन्य समाचार