शेखपुरा में जातिगत गणना पर आभार यात्रा निकालेगा जदयू

जागरण संवाददाता, शेखपुरा।

बिहार में जाति आधारित गणना को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एतिहासिक कदम बताते हुए जदयू ने जिले में आभार यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को शेखपुरा में हुई पार्टी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से निकाली गई यात्रा शेखपुरा में एकत्रित होने के बाद यहां एक विशाल यात्रा का आयोजन होगा। इस यात्रा में पार्टी के सभी विग और प्रकोष्ठ हिस्सा लेंगे। आज शनिवार को होने वाली इस आभार यात्रा में महात्मा फुले समता परिषद भी अपना सहयोग देगा। शुक्रवार को हुई बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक तथा जिलाध्यक्ष रणधीर कुमार सोनी ने की। पार्टी के दोनों संगठन प्रभारी लालन कुशवाहा तथा ज्ञानचंद पटेल के साथ पूर्व अध्यक्ष डा. अर्जुन प्रसाद, राहुल कुमार, जिप सदस्य ललन प्रसाद, मनोज सिंह, भगवान कुशवाहा, प्रेम गुप्ता, राहुल कुमार, कौशलेंद्र प्रसाद, महेश, प्रमोद चंद्रवंशी, नवल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुटे। आरसीपी प्रकरण के बाद जिले में हुई जदयु की इस पहली बैठक में लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आस्था जताई। वक्ताओं ने कहा कि जाति आधारित गणना का निर्णय लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार ही नहीं समूचे देश में एक नई लकीर खींचने का काम किया है। इससे पार्टी का आधार और मजबूत होगा। जिलाध्यक्ष ने इस कदम को अभूतपूर्व और एतिहासिक बताते हुआ कहा लंबे आर्से से यह मुद्दा उठाया जा रहा था। बोलते सब थे, मगर ठोस निर्णय लेने की हिम्मत कोई नहीं दिखा पा रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री ने हिम्मत दिखाकर इसे बिना केंद्रीय मदद के अपने संसाधन से कराने का एतिहासिक फैसला लिया है। इसी को लेकर आभार यात्रा होगी।

अन्य समाचार