किसानों की समस्या पर राजद ने लिया आंदोलन का निर्णय

संस, सहरसा: गुरूवार को जिला परिषद परिसर में राष्ट्रीय जनता दल किसान प्रकोष्ठ की बैठक हुई। किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सत्यनारायण यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध कुमार ने भाग लिया।

उन्होंने बैठक में कहा कि वर्तमान डबल इंजन की सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। देश के किसानों को अपनी वाजिब मांग के लिए वर्षों संघर्ष आंदोलन करना पड़ा। बड़ी संख्या में किसान इस आंदोलन में शहीद हुए। मजबूर होकर सरकार ने इस अध्यादेश को वापस लिया। कहा कि बिहार में भी किसान बदहाल जीवन गुजारने के लिए विवश हैं। किसानों को सिचाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। खाद- बीज भी समय पर नहीं मिल रहा है। न ही उपज का सही दाम मिल रहा है। कहा कि ऐसी स्थिति में राजद कार्यकर्ताओं को सशक्त आंदोलन खड़ा करना होगा। बैठक में उपस्थित पूर्व विधायक अरुण कुमार, पार्टी जिला अध्यक्ष मो. ताहीर ने कहा कि किसान अपने बच्चों को उचित शिक्षा नहीं दे पा रहे हैं। पूरे बिहार के किसान फटेहाली जिदगी गुजारने को विवश हैं। शांतनु बुंदेला यादव ने कहा बिहार में यदि राष्ट्रीय जनता दल की सरकार बनेगी तो किसान को उपज का डेढ़ गुणा अधिक मूल्य दिया जाएगा। कहा कि राजद किसान की समस्याओं को लेकर हमेशा सड़क से सदन तक लड़ती रही है। आगे भी किसान के हित में आंदोलन तेज होगा। पार्टी के वरीय नेता सह जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने कहा कि बिहार में जिस प्रकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पूंजीपतियों के साथ किसान को बेचने की साजिश की जा रही है । वैसी निकम्मी व मजदूर विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। मौके पर प्रदेश नेता सुरेश यादव, जिला प्रधान महासचिव गोविद दास तांती, तारणी प्रसाद यादव , किसान सेल के प्रधान महासचिव मो. कासीम, मुर्शीद आलम , भुवनेश्वर प्रसाद यादव , भीम कुमार भारती , कृष्ण मोहन चौधरी, रमेश चंद्र राणा आदि मौजूद रहे।

अन्य समाचार