प्रशिक्षण प्राप्त कर करें खेती, बढ़ेगा उत्पादन



संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा): प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कड़ामा गांव में प्रगतिशील किसान फूलकांत आचार्य के निवास स्थान पर मां भगवती कृषक समूह के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कृषक समूह के प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मीकांत चौधरी ने बताया कि सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की सही जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर कृषि करने से फसलों की गुणवत्ता व उत्पादन में वृद्धि होगी। इसके लिए पशुपालन प्रशिक्षण, उन्नत कृषि प्रशिक्षण सहित कृषि से संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण के लिए अन्य राज्यों में प्रखंड क्षेत्र के किसानों को भेजने के लिए आत्मा परियोजना निदेशक से आग्रह किया जाएगा। इससे क्षेत्र के अधिक किसान प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्पादन में वृद्धि कर पाएंगे। उन्होंने बैठक में मौजूद सदस्यों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उस जानकारी को अन्य किसानों तक पहुंचाने की अपील की। इससे अधिक-से-अधिक किसान योजना से जुड़ पाएं। उन्होंने बताया कि आत्मा मधेपुरा के द्वारा समूह के सभी पंजीकृत सदस्यों को राज्य के बाहर एवं अंदर समय-समय पर प्रशिक्षित कराया जाता है। इसके अलावा बैठक में गोपालन से संबंधित कृषक समूह बनाने पर चर्चा की गई। मौके पर मां भगवती कृषक समूह के सदस्य चंदन कुमार निराला, बृजेश चौधरी, पंकज चौधरी, नवीन कुमार, अभिषेक आचार्य, रोशन कुमार, किकर सिंह, अनिरुद्ध शर्मा, मिथिलेश ठाकुर, शंभू यादव नितेश कुमार, फूलकांत आचार्य, बबलू आचार्य सहित कई अन्य मौजूद थे।

अन्य समाचार