बिन बरसे मानसून फेर रहा किसानों के अरमानों पर पानी

जागरण संवाददाता, सुपौल : हाल के दिनों में निकल रही तेज धूप ने किसानों की चिता बढ़ा दी है। बिन बरसे मानसून किसानों के अरमानों पर पानी फेरने पर आमादा है। वर्षा नहीं होने से धान की रोपनी में परेशानी बढ़ गई है। किसानों के बिचड़े तैयार हैं लेकिन पानी की कमी रोपाई में बाधक बन रही है। नहरों का सूखापन भी किसानों की राह में रोड़ा अटका रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को आसमान में बादल रहेंगे लेकिन वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। वर्षा नहीं होने से उमस भी बढ़ गई है जिससे लोग परेशान रहते हैं। तीन-चार दिनों से लोगों को तेज धूप का सामना हुआ। इससे लोगों के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सर्वाधिक परेशानी किसानी कार्य में हो रही है। कई स्थानों पर खेत तैयार है लेकिन पानी के अभाव में किसान रोपनी नहीं कर पा रहे हैं। कुछ जगहों पर जहां खेतों में पानी भी है तो तेज धूप के कारण रोपाई नहीं हो पा रही है। मजदूर काम नहीं कर पाते हैं। किसानों का कहना है कि थोड़ी देर काम करने के बाद मजदूर सुस्ताने लगते हैं जिससे रोपाई प्रभावित होती है। किसानों का कहना है कि वर्षा होती तो रोपाई अच्छी होती। किसानों की माने तो अगर दो-चार दिन और वर्षा नहीं हुई तो ऊंची जमीन में रोपाई तो नहीं ही हो सकेगी बिचड़े को भी बचाने के लिए पंप सेट का सहारा लेना होगा। किसानों का कहना है कि नहरों में आवश्यकतानुसार पानी नहीं छोड़ा जा रहा है जिससे खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच रहा है।


इधर बुधवार को हवा तेज रहने के कारण लोगों थोड़ी राहत महसूस हुई। मंगलवार को लोगों को तेज धूप ने बेचैन कर रखा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और पुरवा हवा चलेगी। बावजूद वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

अन्य समाचार