महम्मदपुर में जहरीली शराब की सप्लाई करने वाले तस्कर को पुलिस ने रिमांड पर लिया

गोपालगंज : महम्मदपुर थाना क्षेत्र के तुरहा टोली व कुशहर गांव सहित अन्य जगहों पर दो नवंबर 2021 की रात को जहरीली शराब पीने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने 13 आरोपितों को सात लाख नकदी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में अन्य चार आरोपित फरार चल रहे थे। इसी बीच पुलिस दबिश के बाद एक आरोपित राजकरण सिंह ने एक सप्ताह पूर्व कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद नगर थाने की पुलिस उसे बुधवार को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, महम्मदपुर थाने की पुलिस भी उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है।


बताया जाता है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र तुरहा टोली में एक शराब धंधेबाज के द्वारा शराब की ब्रिकी की गई। इस दौरान जहरीली शराब पीने से तीन दिनों के अंदर 18 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस व प्रशासन ने 12 मौत की पुष्टि की थी। इसके बाद एसपी आनंद कुमार व डीएम डा. नवल किशोर चौधरी ने मामले की जांच को गंभीरता पूर्वक करने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार को सस्पेंड कर दिया। महम्मदपुर तुरहा टोली तक शराब की खेप पहुंचाने वाले माफिया नगर थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी गुड्डू कुमार व जादोपुर थाना क्षेत्र के हिरापाकड़ गांव निवासी राजकरण सिंह सहित 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इस दौरान नगर थाने की पुलिस ने भी रजोखर गांव से शराब की एक खेप को बरामद किया था। इस दौरान नगर थाने की पुलिस ने गुड्डु कुमार व राजकरण गुप्ता को आरोपित बनाते हुए नगर थाने में भी एक प्राथमिकी दर्ज करा दी। केस की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह के द्वारा लगातार दबिश बनाए जाने के बाद जहरीली शराब का सप्लाई करने का मुख्य आरोपित राजकरण सिंह ने कोर्ट में एक सप्ताह पूर्व सरेंडर कर दिया। उसे नगर थाने की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वही महम्मदपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि जहरीली शराब कांड में कुल चार आरोपित फरार चल रहे थे। एक आरोपित ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। ऐसे में आरोपित को रिमांड पर लेकर महम्मदपुर थाने की पुलिस भी पूछताछ करेगी।

अन्य समाचार