संहौली दुर्गा स्थान रामधुन से हुआ गुंजायमान, बह रही भक्ति की धारा

जागरण संवाददाता, खगड़िया : शहर के सिद्धपीठ संहौली दुर्गा स्थान में आयोजित रामधुनी यज्ञ में श्रद्धालुओं की भीड़ बुधवार को उमड़ पड़ी। दुर्गा स्थान में आयोजित तीन दिवसीय रामधुनी यज्ञ में नेपाल की बालाएं मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी है। जो नेपाल के होने के बावजूद लगातार भारतीय संस्कृति के अनुसार रामधुन का अलख जगा रही है। संहौली दुर्गा स्थान में नेपाल से पहुंची रामधुनी मंडली में छह बालिकाएं अपने गायन के साथ नृत्य कला से लोगों को काफी प्रभावित कर रही है। ये सभी रामधुन के प्रति जोश भरती नजर आती है। जिस कारण संहौली ही नहीं आसपास के गांव, पंचायत व नगर परिषद के लोगों की भीड़ भी उनकी कला को देखने जुट रही है। वैसे सहरसा, भागलपुर, मधेपुरा सहित आसपास के जिले के भी रामधुन मंडली पहुंचे है। इधर, स्थानीय लोगों द्वारा लगातार यज्ञ मंडप में स्थापित हवन कुंड में आहुति दी जा रही हे। मौके पर आयोजन समिति के मनीष कुमार सिंह ने बताया कि रामधुनी का समापन गुरुवार को चार बजे शाम में कर दिया जाएगा। इसके बाद महाआरती कर कलश का विसर्जन होगा। भीड़ को देखते हुए कई दुकानें खुल गई। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि भव्य पंडाल एवं मंडप बनाए गए हैं। महिला श्रद्धालु यज्ञ स्थल की परिक्रमा करती दिखी। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बुधवार को रामधुनी महायज्ञ में जिला परिषद सदस्य प्रियदर्शना सिंह और शिक्षक नेता मनीष सिंह ने रामधुनी यज्ञ का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यज्ञ हवन होने से क्षेत्रें में शांति एवं भक्ति का माहौल कायम होता है।


अन्य समाचार