अंधाधुंध आकाशी फायरिग मामले में डुमरी के मुखिया गिरफ्तार

संस., लखीसराय : बड़हिया प्रखंड की डुमरी पंचायत के मुखिया गुलशन कुमार को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। बड़हिया थाने की पुलिस ने उसे डुमरी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। मुखिया बड़हिया की ओर से अपने वाहन से घर जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी हो कि सोमवार की रात मुखिया के चचेरे भाई का डुमरी गांव में तिलक समारोह था। इस दौरान मुखिया ने आर्केष्ट्रा का भी आयोजन किया था। गणमान्य लोगों के साथ-साथ अपराधी भी आमंत्रित किए गए थे। गणमान्य लोगों के वहां से जाने के बाद जैतपुर के टीटू धमाका और उसके गिरोह के लोगों ने एके-47 एवं पिस्टल का खुला प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों राउंड आकाशी फायरिग की थी। पूरे गांव के लोग इस कारण दहशत में आ गए थे। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसपी को दी। इसके बाद बड़हिया के थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही हथियार लहराते टीटू धमाका सहित अन्य अपराधी भाग निकले। भागने के क्रम में पटना जिले के बाढ़ के मधुराज को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थानाध्यक्ष ने अपने बयान पर मुखिया गुलशन कुमार, जैतपुर के अपराधी टीटू धमाका, बाढ़ के मधुराज सहित 13 लोगों को नामजद एवं पांच अज्ञात के विरुद्ध बड़हिया थाना में केस दर्ज किया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मुखिया गुलशन कुमार को गिरफ्तार करके लखीसराय न्यायालय भेज दिया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


अन्य समाचार