चार वर्ष में विश्वविद्यालय से नहीं मिली योग डिप्लोमा की संबद्धता

संस, सहरसा: बीएन मंडल विवि पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए गायत्री शक्तिपीठ सहरसा ने योग डिप्लोमा की संबंद्धता के लिए दिए गए अपने ही आवेदन को निरस्त करने का आग्रह किया है।

शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी प्रकाश लाल दास ने कुलपति को दिए अपने आवेदन में कहा कि संबद्धता के लिए 50 हजार शुल्क जमा किया गया। सभी अर्हता पूरी करने के बाद संबंद्धता के लिए चार वर्ष तक चक्कर लगाकर थक जाने के बाद संस्थान से डिप्लोमा प्रशिक्षण का संबद्धता नहीं प्राप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोसी क्षेत्र में योग पाठ्यक्रम शुरू करने का विवि का दावा किया जाता है। गायत्री शक्तिपीठ सहरसा ने आरोप लगाया है कि एक तरफ विश्वविद्यालय योग शिक्षा के प्रोत्साहन का दावा करता है वहीं दूसरी तरफ संबद्धता हेतु प्रयास करने वाले संस्थानों को पूरी तरह हतोत्साहित और प्रताड़ित किया जाता है।

मुख्य ट्रस्टी प्रकाश लाल दास ने बताया कि अप्रैल, 2018 को गायत्री कंप्यूटर शिक्षण संस्थान के दीक्षांत समारोह के दौरान तत्कालीन कुलपति अवध किशोर राय शक्तिपीठ में योग संस्थान की आवश्यकता जताते हुए पूर्ण सहयोग का वादा किया था। इसके बाद योग संस्थान हेतु प्रबंधन समिति का गठन कर शक्तिपीठ के सदस्यों ने कुलपति को 13 जून 2018 को पाठ्यक्रम और आवेदन समर्पित किया। लगातार कुलपतियों से इसके लिए मुलाकात की जाती रही निरीक्षण हेतु पत्र दिया गया। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि अथक प्रयासों के बाद एक सितंबर 2021 को विश्वविद्यालय से निरीक्षण शुल्क हेतु पत्र योग संस्थान को प्राप्त हुआ और दूसरे ही दिन पचास हजार विवि के खाता में जमा कर दिया गया। मुख्य ट्रस्टी ने कहा कि चार अक्टूबर.2021 को विश्वविद्यालय की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए सभी जरूरी औपचारिकता को पूरा करने हेतु गायत्री शक्तिपीठ ने प्राकृतिक चिकित्सा विभाग, पुस्तकालय और कंप्यूटर आदि की व्यवस्था करने के साथ ही प्राचार्य, उप प्राचार्य एवं अन्य कर्मियों की भी नियुक्ति की। इतना करने के बाद योग संस्थान को शुरू करने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि थक हारकर और निराश एवं आजिज होकर दुखी मन से हमने कुलपति को योग डिप्लोमा कोर्स की संबद्धता हेतु मांग के अपने ही आवेदन को निरस्त करने का आग्रह पत्र भेजा है।

अन्य समाचार