तांत्रिक की पीटकर हत्या मामले में तीन महिला समेत पांच आरोपित

जागरण संवाददाता, खगड़िया : मुफस्सिल थाना अंतर्गत बीते शुक्रवार देर शाम तांत्रिक हित सदा की पीटकर हत्या मामले में तीन महिला समेत पांच को आरोपित किया गया है। शुक्रवार की शाम तांत्रिक हित सदा को झाड़ फूक करने के नाम पर फोन करके बुलाया गया और उसकी पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस बावत मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने हत्या का केस दर्ज करवाया है। जिसमें हरदाश्चक के एक ही परिवार के वकील तांती, रोहित तांती, मधु देवी, मधु कुमारी, और मनीषा देवी को आरोपित किया गया है।


मृतक की पत्‍‌नी ने कहा कि एक फोन आने पर उसके पति साइकिल से घर से निकले थे। इसके बाद सदर अस्पताल से फोन आया कि हित सदा गंभीर है। वहां पहुंचने पर आरोपित लोग देखकर भागने लगे। खून से लतपथ पति को उपचार के लिए बेगूसराय ले जा रहे थे कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की साइकिल आरोपित वकील तांती के घर से बरामद किया है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले एक मोबाइल चोरी मामले में तांत्रिक ने वकील तांती का नाम ले लिया था। जिससे उसे पड़ोस के लोगों से बराबर विवाद होने लगा था। विवाद का कारण वकील तांती और उसके घर वाले तांत्रिक हित सदा को मान रहे थे। वैसे पुलिस इसको लेकर गहराई से जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष जेपी यादव का कहना हुआ कि केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

अन्य समाचार